Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

सीएम साय ने राज्य के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी शुभकामनाएं

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम साय ने दी शुभकामनाएं…

11:36 AM Jun 20, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम साय ने दी शुभकामनाएं…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का समग्र माध्यम है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लेने और इस ज्ञान को फैलाने की अपील की।

हर साल 21 जून को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस साल शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को प्रदेशवासियों को योग दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का एक समग्र माध्यम है।

योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर : सीएम साय

सीएम साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व जीवन को संतुलित, अनुशासित और निरोगी बनाने के लिए विकसित किया। आज पूरा विश्व इस प्राचीन विद्या के महत्व को समझ रहा है और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहा है। योग तनाव मुक्त जीवन का आधार है और यह शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि का माध्यम भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि वे स्वयं भी स्वस्थ रहें और समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैले।

योग स्वास्थ्य का मूलमंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग से शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि, स्वास्थ्य में सुधार और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सकारात्मक प्रभाव देखा गया है। खासकर बदलती जीवनशैली और तेजी से भागती दुनिया में योग एक संतुलन का सूत्र है। उन्होंने आग्रह किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोग अधिक से अधिक संख्या में योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लें और इस ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार भी योग को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग) है जो पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करती है। यह थीम योग के प्राचीन ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक प्रगति के साथ जोड़ती है, जो एकता, शांति और करुणा के सिद्धांतों को बढ़ावा देती है।

दुनियाभर में इस दिन मनाया जाता है योग दिवस

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। रिकॉर्ड समय में 177 देशों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जो अपने आप में ही ऐतिहासिक था। प्रस्ताव को मंजूरी मिली और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर दिया गया। अपने प्रस्ताव में, यूएनजीए ने माना कि योग जीवन के सभी पहलुओं के बीच संतुलन बनाने के अलावा स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी सन् 2015 से हर साल 21 जून को योग दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन होता है। इसमें दुनिया भर के राजनयिक, विशेषज्ञ और नागरिक भाग लेते हैं।

Advertisement
Advertisement
Next Article