'उनकी नकल मत करिए मेरी तरह छोटे-छोटे बाल...', एक बार फिर CM योगी ने ली सांसद रवि किशन की चुटकी
CM Yogi Dig Ravi Kishan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर गोरखपुर से सांसद रवि किशन की चुटकी ली है। दरअसल सांसद को हाल ही में मानद पीएचडी (डॉक्टरेट) की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें LNCT University के दीक्षांत समारोह में दिया गया, जहां मंगुभाई पटेल ने उन्हें यह उपाधि प्रदान की। जैसे ही उनका नाम घोषित हुआ, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा और माहौल उत्साह से भर गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस समारोह में शिक्षा, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद थे। रवि किशन को यह मानद उपाधि उनके सामाजिक योगदान और कला क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए दी गई। यह डिग्री शैक्षणिक पढ़ाई के जरिए नहीं, बल्कि उनके काम और योगदान को देखते हुए सम्मान के रूप में दी जाती है।
CM Yogi Dig Ravi Kishan: CM योगी ने ली मजाकिया चुटकी
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवि किशन की इस उपलब्धि पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि रवि किशन उनके पास आए और बोले कि उन्हें पीएचडी की उपाधि मिली है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मानद उपाधि है, फिर कहने लगे कि प्रोफेसर लिखूंगा। इसपर हमने कहा कि इस डिग्री को पाने के बाद आप “प्रोफेसर” नहीं लिख सकते।
उन्होंने आगे मजाक में कहा कि इस डिग्री के आधार पर नौकरी नहीं मिलेगी, इसलिए इसे सिर्फ फ्रेम में सजाकर रखा जा सकता है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई इस डिग्री के आधार पर “डॉक्टर” बनकर इलाज करने लगे, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने खूब ठहाके लगाए।
मुख्यमंत्री ने आज फिर सांसद रवि किशन के जम कर मजे लिए!
बोले डॉक्टरेट की डिग्री से नौकरी नहीं मिलेगी सिर्फ टांग कर घूम सकते हैं!@myogiadityanath @ravikishann pic.twitter.com/5ckg41FPUQ
— Ashutosh shukla (@Ashu9621101476) May 5, 2026
CM Yogi on Childrens: बच्चों को सलाह देते हुए भी किया जिक्र
सीएम योगी ने अपने संबोधन के दौरान स्कूली बच्चों को अनुशासन का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को साफ-सुथरे कपड़े पहनकर और सही तरीके से तैयार होकर स्कूल जाना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने मजाक में कहा कि बच्चों को रवि किशन की तरह लंबे बाल रखने की जरूरत नहीं है, बल्कि छोटे और सधे हुए बालों के साथ स्कूल आना चाहिए।
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवि किशन पर इस तरह की हल्की-फुल्की टिप्पणी की हो। इससे पहले भी कई मौकों पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में उनकी चर्चा की है। एक कार्यक्रम में गोरखपुर की सड़कों के चौड़ीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि किसी का रोजगार प्रभावित नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने हंसते हुए कहा कि रवि किशन तो कहीं भी अपनी कला से कमा सकते हैं, लेकिन अन्य लोगों के लिए यह आसान नहीं होता।
Ravi Kishan Gorakhpur Visit: गोरखपुर में हुआ जोरदार स्वागत
मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिलने के बाद जब रवि किशन गोरखपुर पहुंचे, तो उनके समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि AIIMS Gorakhpur में डॉक्टरों और अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर की धरती से मिला प्यार और सम्मान उनके लिए बेहद खास और भावुक करने वाला है। उन्होंने सभी लोगों और चिकित्सकों का दिल से धन्यवाद भी व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: बड़े भाई को फंसाने के लिए छोटे ने मारी खुद के पैर में गोली, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Join Channel