W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

दिल्ली में सजेगा अंतरराष्ट्रीय खेल का मंच; सीएम रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का किया भव्य ऐलान

11:10 AM May 07, 2026 IST | Khushi Srivastava
दिल्ली में सजेगा अंतरराष्ट्रीय खेल का मंच  सीएम रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 का किया भव्य ऐलान
Commonwealth Table Tennis Championship 2026 Delhi

Commonwealth Table Tennis Championship 2026 Delhi: राजधानी दिल्ली एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 की आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।

Advertisement

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

घोषणा कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस महासंघ के अध्यक्ष विवेक कोहली, सलाहकार बृजेश माथुर, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष राजीव दुग्गल, दिल्ली राज्य टेबल टेनिस संघ की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता, महासचिव बलबीर सिंह तथा द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित संदीप गुप्ता सहित खेल जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

Advertisement

प्रतिभागी देश और आयोजन का विवरण

दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह चैम्पियनशिप राजधानी में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मजबूत वापसी का प्रतीक मानी जा रही है। प्रतियोगिता में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित 35 से अधिक राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के भाग लेने की संभावना है। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका समापन 2 अगस्त को भव्य फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।

Advertisement

वैश्विक खेल मानचित्र पर दिल्ली की पहचान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करती रही है और यह चैम्पियनशिप राजधानी को वैश्विक खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएँ, सुचारु व्यवस्थाएँ और सुरक्षित खेल वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

त्यागराज स्टेडियम और ओलंपिक विजन 2036

उन्होंने बताया कि त्यागराज स्टेडियम इस प्रतियोगिता का मुख्य केंद्र होगा, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों को उच्च स्तर का खेल अनुभव मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली की मेजबानी क्षमता, आधुनिक बुनियादी ढांचे और विकसित होती खेल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार वर्ष 2036 ओलंपिक दृष्टि को ध्यान में रखते हुए खेल ढांचे को सुदृढ़ करने और बड़े खेल आयोजनों को आकर्षित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

खेल पर्यटन और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अवसर

आयोजन से राजधानी में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों को करीब से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। आने वाले समय में टिकट व्यवस्था, स्वयंसेवकों की भागीदारी और विस्तृत मुकाबला कार्यक्रम की जानकारी भी जारी की जाएगी।

दिल्ली की वै‌श्विक खेल पहचान होगी मजबूत

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि राजधानी को देश की प्रमुख खेल राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

युवाओं के लिए प्रोत्साहन और अंतरराष्ट्रीय मंच

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों से दिल्ली की वैश्विक खेल पहचान मजबूत होगी और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि तथा सहभागिता बढ़ेगी। सूद ने कहा कि यह प्रतियोगिता भारत के उभरते हुए टेबल टेनिस खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करेगी, जहाँ वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि घरेलू मैदान पर भारतीय खिलाड़ी मजबूत दावेदार के रूप में उतरेंगे, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा दिल्ली अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए पसंदीदा केंद्र के रूप में स्थापित होगी।
यह भी पढ़ें-दिल्ली में प्रदूषण पर ‘AI’ की नजर! डेटा एनालिटिक्स और सेंसर आधारित सिस्टम के लिए दिल्ली सरकार करेगी एमओयू
Advertisement
Author Image

Khushi Srivastava

View all posts

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।

Advertisement
Advertisement
×