बरेली कैंट से Congress उम्मीदवार सुप्रिया ऐरन और उनके पति प्रवीण सिंह ऐरन SP में हुए शामिल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बरेली की कैंट सीट से घोषित कांग्रेस उम्मीदवार सुप्रिया ऐरन शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। इसके साथ ही सपा ने बरेली कैंट से उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है
03:53 AM Jan 23, 2022 IST | Shera Rajput
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बरेली की कैंट सीट से घोषित कांग्रेस उम्मीदवार सुप्रिया ऐरन शनिवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। इसके साथ ही सपा ने बरेली कैंट से उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
प्रवीण सिंह ऐरन ने भी सपा की सदस्यता ली
बरेली की पूर्व महापौर सुप्रिया के साथ उनके पति और पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने भी सपा की सदस्यता ली।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रवीण और सुप्रिया का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इन दोनों के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने बरेली कैंट सीट से सुप्रिया को सपा उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की।
सुप्रिया का नाम पार्टी प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा 13 जनवरी को घोषित कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में था
गौरतलब है कि पत्रकार से नेता बनीं सुप्रिया का नाम पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा 13 जनवरी को घोषित कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में था।
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को रोकने की स्थिति में नहीं है, वह सपा में चली गई – सुप्रिया
इस बीच सुप्रिया ने कहा कि लोगों से यह प्रतिक्रिया मिलने के बाद कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को रोकने की स्थिति में नहीं है, वह सपा में चली गई। उन्होंने कहा, ‘‘लोग चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सपा की पूर्ण सरकार हो ताकि भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे को रोका जा सके, इसलिए मैंने सोचा कि मुझे इसमें योगदान देना चाहिए।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या प्रियंका गांधी का महिला केंद्रित नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं‘ जमीनी स्तर पर जनता को आकर्षित कर रहा है, उन्होंने कहा, ‘‘यह विचार प्रशंसनीय है लेकिन मतदाताओं को उत्साहित करने में बहुत देर हो चुकी है। … चुनावों में मुद्दे कहीं अधिक जटिल होते हैं।’’
सुप्रिया ने 2012 में कांग्रेस की टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
हाल में बरेली में कांग्रेस पार्टी की ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ मैराथन में कथित अव्यवस्था फैलने के मामले में सुप्रिया ने बयान दिया था कि ‘‘जब वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है तो ये तो बच्चियां हैं, ये इंसानी फितरत होती है।’’
सुप्रिया और उनके पति प्रवीण सिंह ऐरन के सपा में स्वागत
सुप्रिया और उनके पति प्रवीण सिंह ऐरन के सपा में शामिल होने की खबर का उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने स्वागत किया। नबाबगंज के सपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने कहा कि बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र से सुप्रिया की जीत तय है। उन्होंने कहा कि ‘‘बरेली का वैश्य समाज मज़बूरी में भाजपा को वोट दे रहा था अब सुप्रिया बाजी मार ले जायेंगी।’’
2006 में सुप्रिया ने कांग्रेस के टिकट पर महापौर का चुनाव लड़ा था
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में सुप्रिया ने कांग्रेस के टिकट पर महापौर का चुनाव लड़ा था और जीती थीं। सुप्रिया के पति प्रवीन सिंह ऐरन वर्ष 2009 में भाजपा के संतोष कुमार गंगवार को हराकर कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।
माना जा रहा है कि बरेली कैंट सीट पर अब सुप्रिया का सीधा मुकाबला भाजपा के संजीव अग्रवाल से होगा।
Advertisement
Advertisement

Join Channel