संसद में किसानों का मुद्दा नहीं उठाने के लिए कांग्रेस की भाजपा से सांठगांठ : संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस ने संसद में किसानों के मुद्दे को अलग से और आक्रामक तरीके से नहीं उठाने के लिए भाजपा के साथ पिछले दरवाजे से हाथ मिला लिया है।
08:10 PM Feb 03, 2021 IST | Ujjwal Jain
राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने पर मार्शल की मदद से सदन से बाहर किये जाने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस ने संसद में किसानों के मुद्दे को अलग से और आक्रामक तरीके से नहीं उठाने के लिए भाजपा के साथ पिछले दरवाजे से हाथ मिला लिया है।
सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस को केंद्र द्वारा हाल ही में लागू विवादास्पद कृषि कानूनों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के तीन सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया।
सुबह, उच्च सदन में शून्यकाल समाप्त होने पर संजय सिंह ने आंदोलन कर रहे किसानों से जुड़ा मुद्दा उठाने का प्रयास किया। लेकिन सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें अनुमति नहीं दी और कहा कि सदस्य राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा में अपनी बात रख सकते हैं।
सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस ने भाजपा के साथ पिछले दरवाजे से हाथ मिला लिया है ताकि संसद में किसानों के मुद्दे को अलग से और आक्रामक तरीके से नहीं उठाया जा सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज जब आप सांसदों को राज्यसभा से मार्शल की मदद से बाहर निकाला गया तो कांग्रेस पार्टी चुप्पी साधे रही।’’
Advertisement
Advertisement