कांग्रेस की सरकारों ने असम को सिर्फ बेरोजगारी, उग्रवाद, घुसपैठ जैसी चीजें दीं : शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसकी सरकारों ने असम को बेरोजगारी, उग्रवाद, हिंसा और घुसपैठ जैसी चीजें दीं।
05:24 PM Mar 25, 2021 IST | Ujjwal Jain
Advertisement
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसकी सरकारों ने असम को बेरोजगारी, उग्रवाद, हिंसा और घुसपैठ जैसी चीजें दीं।
Advertisement
चौहान ने असम में कामरूप जिले के पालसबाड़ी में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य ने 2016 में भाजपा नीत सरकार आने के बाद ही विकास देखा।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने असम में अनेक वर्षों तक राज किया। उसने राज्य को क्या दिया? उसकी क्रमिक सरकारों ने केवल बेरोजगारी, उग्रवाद, हिंसा और घुसपैठ दी।’’ भाजपा नेता ने कहा कि असम के लोग कांग्रेस के वायदों पर विश्वास न करें।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस कभी भी अपने वायदे पूरे नहीं करती। आप अन्य राज्यों में जाएं जहां राहुल गांधी ने सरकार बनने के दस दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने का वायदा किया था। लेकिन सत्ता में आने के डेढ़ साल बाद भी किसी भी कांग्रेस शासित राज्य में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है।’’
पालसबाड़ी में असम विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में छह अप्रैल को मतदान होगा जहां से भाजपा उम्मीदवार के रूप में हेमांग ठाकुरिया चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जतिन माली को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Join Channel