Top NewsIndiaWorld
Other States | Delhi NCRHaryanaUttar PradeshBiharRajasthanPunjabJammu & KashmirMadhya Pradeshuttarakhand
Business
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

पंजाब में कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त, AAP तीन सीट पर आगे

01:01 PM Jun 04, 2024 IST | Yogita Tyagi

निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना में कांग्रेस छह सीटों पर और आम आदमी पार्टी तीन सीटों पर आगे हैं। शिरोमणि अकाली दल दो सीट पर आगे हैं जबकि सिख उपदेशक अमृतपाल सिंह समेत दो निर्दलीय उम्मीदवार अपनी अपनी सीटों पर आगे हैं। रुझानों के अनुसार, कांग्रेस अमृतसर, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और लुधियाना सीटों पर आगे है जबकि ‘आप’ होशियारपुर, संगरूर और आनंदपुर साहिब सीटों पर आगे है। भाजपा प्रत्याशी परनीत कौर पटियाला लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी धर्मवीर गांधी से पीछे हैं। पटियाला से चार बार की सांसद कौर 4,763 मतों के अंतर से पीछे हैं।

कौन कितने अंतर से आगे?

कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा गुरदासपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिनेश सिंह बब्बू से 8,696 मतों के अंतर से आगे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला ने अमृतसर में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व भाजपा प्रत्याशी तरणजीत सिंह संधू से 7,817 मतों की बढ़त बना ली है। कांग्रेस उम्मीदवार व मौजूदा सांसद अमर सिंह भी फतेहगढ़ साहिब में ‘आप’ के गुरप्रीत सिंह जीपी से 15,434 मतों के अंतर से आगे हैं।
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने जालंधर संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार सुशील रिंकू से बढ़त बनायी हुई है। वह 61,882 मतों से आगे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वडिंग लुधियाना में भाजपा प्रत्याशी रवनीत सिंह बिट्ट्र से 1,779 मतों के अंतर से आगे हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना

‘आप’ के राज कुमार चब्बेवाल होशियारपुर में कांग्रेस की यामिनी गोमर से 7,976 मतों के अंतर से आगे हैं। ‘आप’ के मालविंदर सिंह कांग आनंदपुर साहिब में कांग्रेस के विजय इंदर सिंगला से 2,483 मतों के अंतर से आगे हैं। ‘आप’ के गुरमीत सिंह मीत हायर ने संगरूर सीट पर अच्छी खासी बढ़त बनायी हुई है। वह शिअद प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान से 57,747 मतों के अंतर से आगे हैं। शिअद की हरसिमरत कौर बादल ने बठिंडा लोकसभा सीट पर अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी ‘आप’ के प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुडियां से 13,546 मतों की बढ़त बना ली है। शिअद के नरदेव सिंह बॉबी मान फिरोजपुर सीट पर कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया से 215 मतों से आगे हैं। कट्टरपंथी सिख उपदेशक अमृतपाल सिंह ने पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा पर 63,680 मतों से बढ़त बना ली है। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे सरबजीत सिंह खालसा फरीदकोट सीट पर अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी ‘आप’ के करमजीत सिंह अनमोल से 22,613 मतों के अंतर से आगे हैं। खालसा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दो हत्यारों में से एक का बेटा है। पंजाब में 13 लोकसभा सीट और चंडीगढ़ सीट पर हुए चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Next Article