कांग्रेस पीएम की आलोचना करते हुए देश की आलोचना करने लगती है- जेपी नड्डा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में लंबे समय में लगभग 15 साल तीन टर्म की सरकार देखी, सरकार चलाई है।
06:28 PM Jun 24, 2021 IST | Ujjwal Jain
Advertisement
भोपाल ( मनीष शर्मा) भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में लंबे समय में लगभग 15 साल तीन टर्म की सरकार देखी, सरकार चलाई है। शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को विकास की दिशा में ले जाने में काफी तरक्की की। एक ऐसा कालखंड आया जब मध्य प्रदेश में दूसरी तस्वीर देखने को मिली। 15 साल की सरकार के कारण आप भूल गए थे कि कांग्रेस की सरकारें कैसे चलती हैं? डेढ़ साल के कांग्रेस के कार्यकाल में आपको वह भी देखने को मिला।
Advertisement

Advertisement
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का पतन इतना हुआ है कि वो भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए ये भूल जाते हैं कि वो देश की आलोचना करने लगे है। कमल नाथ ने पिछले दिनों कहा कि भारत महान नहीं, बदनाम है। ये कांग्रेस की मानसिकता है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने किसानों से सबसे ज्यादा एमएसपी पर फसलों की खरीद की है। डीबीटी को लेकर मध्यप्रदेश ने रिकार्ड बनाया है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश में रोजगार को लेकर जो काम हुआ, वो भी सराहनीय है। स्ट्रीट वैंडर्स को भी मुख्य धारा में शामिल करने का काम किया। मध्य प्रदेश के किसानों के विकास के लिए पिछले एक साल में 90 हजार करोड़ रुपये खर्च किया गया है। देश में किसानों के लिए अगर काम किसी ने किया तो वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया और केंद्र की सभी योजनाओं को शिवराज जी ने प्रदेश में लागू किया। गेहूं की खरीद के मामले में मध्य प्रदेश पहले नंबर पर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क बनाने की क्वालिटी में नंबर वन है। आयुष्मान भारत योजना में गोल्डन कार्ड बनाने में मध्य प्रदेश नंबर एक पर है। हम समाज के साथ चलने वाले लोग हैं, समाज का दुख दर्द दूर करने वाले लोग है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि मध्य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के तहत करीब 4,600 रक्त दान यूनिट एकत्र की, 5 लाख फेस मास्क बांटे हैं, 3 करोड़ फूड पैकेट बांटे है, 1.68 करोड़ राशन किट बांटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी 80 करोड़ की जनता को अप्रैल से लेकर नवंबर महीने तक 5 किलो गेहूं/चावल प्रति यूनिट और एक किलो दाल प्रति परिवार देने का निर्णय है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार सुबह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जारी है। सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव, सह संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य बड़े नेता इसमें शामिल हुए हैं। दिल्ली से बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, प्रहलाद पटेल, धर्मेन्द्र प्रधान, फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय आनलाइन जुड़े। यहां कोरोना काल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

Join Channel