CM चन्नी के 'UP-बिहार के भइयों को घुसने नहीं देना' वाले बयान पर घिरी कांग्रेस, हमलावर हुई AAP और BJP
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था, ‘एकजुट हो जाओ पंजाबियों। यूपी, बिहार और दिल्ली के भइयों को पंजाब में घुसने नहीं देना है, जो यहां राज करना चाहते हैं।’
03:16 PM Feb 16, 2022 IST | Desk Team
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की राज्य में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले यूपी और दिल्ली के लोगों को लेकर की गई टिप्पणी ने कांग्रेस के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। बीजेपी ने पंजाब सीएम के इस बयान को हथियार बनाते हुए कांग्रेस को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया।
Advertisement
दरअसल, रूपनगर में चुनावी रैली के दौरान प्रियंका गांधी के बगल में खड़े होकर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था, ‘एकजुट हो जाओ पंजाबियों। यूपी, बिहार और दिल्ली के भइयों को पंजाब में घुसने नहीं देना है, जो यहां राज करना चाहते हैं।’ सीएम चन्नी के इस को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर यूपी और बिहार के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया है। चन्नी के बयान पर प्रियंका गांधी के हंसने को लेकर भी बीजेपी हमलावर है।
बीजेपी आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने चन्नी के बयान का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मंच से पंजाब के मुख्यमंत्री यूपी, बिहार वालों को अपमानित करते हैं और प्रियंका वाड्रा बगल में खड़े हो कर हंस रही है, तालियाँ बजा रही हैं… ऐसे करेगी कांग्रेस यूपी और देश का विकास? लोगों को आपस में लड़ा कर?’
बीजेपी के आलावा आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी चन्नी के बयान पर अटैक करते हुए कहा, ‘यह बेहद शर्मनाक है। हम किसी समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियों की निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी का भी यूपी से ताल्लुक है। तब तो वह भी भइया हुईं।’
Advertisement