ममता ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया, जनता से मिल रही है उन्हें नकारात्मक प्रतिक्रिया : धर्मेंद्र प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा पिछले दो दिन से नंदीग्राम में हम उनके कार्यक्रम देख रहे हैं, लोगों से जिस तरह से उन्हें नकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है उससे उन्हें घोर निराशा हो रही है। उससे घबराकर वो कुछ भी कह रही हैं।
12:24 PM Mar 30, 2021 IST | Desk Team
Advertisement
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में ”भाजपा कार्यकर्ता की मां” की मौत को लेकर उत्पन्न आक्रोश के बीच सोमवार को कहा कि वह महिलाओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं करतीं और उन्हें मौत की असली वजह नहीं पता। इस मुद्दे पर भाजपा लगातार ममता बनर्जी पर हमलावर हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।
Advertisement
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा पिछले दो दिन से नंदीग्राम में हम उनके कार्यक्रम देख रहे हैं, लोगों से जिस तरह से उन्हें नकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है उससे उन्हें घोर निराशा हो रही है। उससे घबराकर वो कुछ भी कह रही हैं। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग महिला पर हमला हुआ जिससे उनकी तबियत बिगड़ी और उनका निधन हुआ। संवेदना जताने के बजाए कटाक्ष करना और उत्तर प्रदेश के बारे में बात करना, ये अपनी ज़िम्मेदारी से भागना है। उनको (ममता बनर्जी) पराजय का डर सताने लगा है।
गौरतलब है कि ममता ने पूछा कि जब भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में महिला को ”उत्पीड़न कर जान से मार दिया गया”, तब केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह क्यों चुप थे। भाजपा का दावा है कि पिछले महीने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता इलाके में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने भगवा पार्टी कार्यकर्ता की 82 वर्षीय बुजुर्ग मां पर हमला किया था और चोट के चलते उनकी मौत हो गई।
बनर्जी ने नंदीग्राम में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं नहीं जानती की बहन की मौत कैसे हुई। हम महिलाओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं करते। मैंने अपनी बहनों और माताओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया है। ” उन्होंने कहा, ”लेकिन भाजपा अब इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। अमित शाह ट्वीट कर रहे हैं कि बंगाल का क्या हाल है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में जब महिला पर हमला किया गया और बर्बरता दिखाई गई तब वह क्यों चुप रहे?”
Advertisement
इस मुद्दे पर स्मृति ईरानी ने कहा, पश्चिम बंगाल में एक 80 साल की वृद्ध महिला को टीएमसी के गुंडों ने बेरहमी से पीटा, उनकी जान चली गई। उसका कसूर ये कि उसका बेटा, उसका परिवार भाजपा का समर्थक है। भाजपा का कार्यकर्ता है। पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी को चेतावनी दे रही है कि अब बंगाल में टीएमसी का गुंडाराज नहीं चलेगा।
ममता व शुभेंदु के बीच जुबानी जंग, CM बोलीं- चुनाव के बाद ‘न घर का न घाट का’ रहेगा अधिकारी परिवार
Advertisement