Women's Asia Cup 2026: आज पहले मैच में जीत के साथ शुरूआत करना चाहेगी टीम इंडिया, 8वें खिताब पर रहेगी नजर
वुमेन एशिया कप 2026 में इंडियन टीम आज अपने कैंपेन की शुरुआत करेगी। टूर्नामेंट का आगाज 28 अगस्त से हो चुका है, लेकिन टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है और अब तक 7 बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है। हालांकि, इस बार टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी मौजूदा टी-20 फॉर्म है। भारत ने 2026 में अब तक खेले 16 टी-20 मुकाबलों में से 9 में हार झेली है।

वहीं टी-20 वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था और उसे ग्रुप स्टेज से ही टीम को बाहर होना पड़ा था। दूसरी ओर, थाईलैंड की टीम अपने पहले मुकाबले में हॉन्ग-कॉन्ग को 6 रन से हराकर आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली इंडियन टीम थाईलैंड को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेगी।
Indian Team Match In Asia Cup: जीत के साथ शुरुआत का रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेगा भारत

वुमेन एशिया कप की शुरुआत 2004 में हुई थी और 2026 से पहले इसके 9 सीजन खेले जा चुके हैं। भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। टीम ने हर सीजन में अपने कैंपेन की शुरुआत जीत के साथ की है, चाहे वह फाइनल तक पहुंची हो या नहीं। अब हरमनप्रीत कौर की टीम की कोशिश इस सिलसिले को आगे बढ़ाने की होगी। 2024 के एशिया कप में भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी थी। इस बार टीम के सामने थाईलैंड की चुनौती है।
टी20 रैंकिंग की बात करें तो भारत तीसरे पोजीशन पर है, जबकि थाईलैंड 12वें पोजीशन पर मौजूद है। इसके बावजूद भारतीय टीम अपोनेंट को कमतर आंकने से बचना चाहेगी। थाईलैंड के बाद भारत का अगला मुकाबला 3 सितंबर को हॉन्ग-कॉन्ग से होगा। इसके बाद 5 सितंबर को भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
जेमिमा रोड्रिग्स की कमी होगी बड़ी चुनौती

एशिया कप से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका जेमिमा रोड्रिग्स के रूप में लगा है। चोट के कारण वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है। जेमिमा भारतीय मिडिल ऑर्डर की अहम बल्लेबाज रही हैं। वह मुश्किल सिचुएशन्स में पारी को संभालने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बनाने की एबिलिटी भी रखती हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय टीम को मिडिल ऑर्डर में उनकी कमी पूरी करने के लिए नए ऑप्शन्स पर भरोसा करना होगा।
7 बार एशिया कप जीत चुका है भारत
वुमेन एशिया कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है। टीम इंडिया अब तक 7 बार ट्रॉफी जीत चुकी है और हर सीजन में फाइनल तक पहुंचने में सक्सेसफुल रही है। हालांकि, पिछले कुछ सीजन के फाइनल में भारत को निराशा हाथ लगी है। 2018 में बांग्लादेश ने भारत को 3 विकेट से हराकर खिताब जीता था, जबकि 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने भारतीय टीम को 8 विकेट से मात दी थी। अब 2026 में हरमनप्रीत कौर की टीम की नजर एक बार फिर ट्रॉफी पर है। लेकिन खिताब की ओर पहला कदम भारत को थाईलैंड के खिलाफ जीत के साथ उठाना होगा।

Join Channel