Surya On Vaibhav Sooryavanshi: डिविलियर्स-कोहली की स्किल्स के बजाय वैभव सूर्यवंशी की इस खूबी को अपनाना चाहते हैं Suryakumar Yadav, जानें क्यों?
महज 15 साल की उम्र में भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में लगातार नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक, वैभव ने 35 गेंदों में शतक जड़ने से लेकर छक्कों की बरसात करने तक कई बड़े कारनामे किए हैं। उनकी यही ताबड़तोड़ छक्के लगाने की काबिलियत अब भारत के स्टार खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव को भी काफी प्रभावित कर रही है।
Surya On Vaibhav Sooryavanshi: सूर्यकुमार यादव ने चुनी वैभव की यह स्किल
हाल ही में एक यूट्यूब चैनल को दिए गए इंटरव्यू के दौरान सूर्यकुमार यादव से यह सवाल किया गया था कि अगर उन्हें किसी बाकी क्रिकेटर से कोई स्किल-सेट चुनना या 'चुराना' हो, तो वह क्या होगा? इस पर जवाब देते हुए सूर्या ने महान बल्लेबाजों के बजाय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया और कहा कि, "एक नौजवान लड़का है, सभी ने उसका नाम सुना है। मैं वैभव सूर्यवंशी की छक्के लगाने की काबिलियत से प्रभावित हुआ हूं और उसे अपने खेल में जोड़ना चाहूंगा।"
वैभव वाकई में मैदान पर छक्के जड़ने की एक बड़ी मशीन बनकर उभरे हैं। कुछ महीने पहले खत्म हुए IPL 2026 सीजन में उन्होंने कहर बरपाते हुए कुल 72 छक्के लगाए थे। इस दौरान उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था और 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी।
दिग्गजों की कला को किया नजरअंदाज

क्रिकेट जगत में सूर्यकुमार यादव को उनकी 360-डिग्री बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। यह अंदाज खास तौर से एबी डिविलियर्स की वजह से पॉपुलर हुआ था। लेकिन इंटरव्यू के दौरान सूर्या ने एबी डिविलियर्स का 360-डिग्री स्टाइल, विराट कोहली की मशहूर कवर ड्राइव, सचिन तेंदुलकर की स्ट्रेट ड्राइव और रिकी पोंटिंग के पुल शॉट जैसी शानदार स्किल्स, इन सभी दिग्गजों की कला को दरकिनार करते हुए सिर्फ वैभव सूर्यवंशी की छक्के लगाने की काबिलियत को चुना।
साथी खिलाड़ियों की नजर में सूर्या एक 'लीडर'

इसी बातचीत के दौरान जब सूर्या से यह पूछा गया कि अगर उनके साथी खिलाड़ी उन्हें एक शब्द में डिफाइन करें, तो वे क्या कहेंगे? इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वे उन्हें 'लीडर' कहकर बुलाएंगे। गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
हालांकि, उसके बाद उन्हें न सिर्फ कप्तानी से हटा दिया गया बल्कि टीम इंडिया से भी उनकी छुट्टी हो गई। अभी के समय में 36 साल के सूर्यकुमार यादव की टीम में वापसी की उम्मीदें काफी कम होती जा रही हैं, हालांकि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार परफॉर्मेंस और अच्छी फॉर्म हासिल करने पर उनकी वापसी को लेकर विचार किए जाने की अटकलें समय-समय पर सामने आती रहती हैं।

Join Channel