W3Schools
Advertisement

लापरवाही की भेंट चढ़ गया ब्रिगेडियर का बेटा

09:40 PM Jul 25, 2026 IST | Sumant Chaudhary
लापरवाही की भेंट चढ़ गया ब्रिगेडियर का बेटा
दिल्ली में एक बार फिर प्रशासन की घोर लापरवाही

Crime News : राजधानी दिल्ली में एक बार फिर प्रशासन की घोर लापरवाही के चलते भारतीय सेना के एक ब्रिगेडियर के जवान बेटे की कार समेत खुले नाले में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल है। वह समय रहते कार से बाहर निकलने में कामयाब रही थी। डीसीपी (साउथ-वेस्ट) अमित गोयल ने बताया कि मृतक की पहचान 20 वर्षीय यशवेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

Advertisement

डीसीपी ने बताया कि मृतक यशवेंद्र और उनकी महिला सहयात्री संयुक्त राज्य अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र थे। पढ़ाई के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी। यशवेंद्र भारतीय सेना के एक अधिकारी के बेटे थे। महिला सहयात्री वसंत कुंज की रहने वाली है। उनके पिता ओखला स्थित एक निजी फर्म में साइबर सुरक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। पुलिस ने सहयात्री युवती का बयान दर्ज कर लिया है। उसके मुताबिक, फिसलन भरी सड़क के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Advertisement

हादसे के वक्त यशवेंद्र चला रहा था कार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे के समय यशवेंद्र कार चला रहा था। सड़क पर फिसलन होने के कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई और खुले नाले में जा गिरी। कार में मौजूद युवती किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रही, जबकि यशवेंद्र कार से बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई।

Advertisement

अमेरिका के बिजनेस स्कूल में कर रहा था पढ़ाई

पुलिस ने बताया कि यशवेंद्र हाल ही में दिल्ली आया था और दिल्ली कैंट इलाके में एक दोस्त के साथ रह रहा था। वह अमेरिका के एक बिजनेस स्कूल में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था। वह अपने संस्थान में साथ पढ़ने वाली महिला मित्र के साथ वसंत कुंज एन्क्लेव से महिपालपुर की ओर जा रहा था। कार महिला मित्र की थी, लेकिन उसे यशवेंद्र चला रहा था।

सड़क पर कीचड़ के कारण थी फिसलन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सड़क किनारे काफी कीचड़ था, जिससे सड़क पर फिसलन हो गई थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मोड़ पर फिसलन के कारण कार से नियंत्रण हट गया। कार पहले एक पेड़ से टकराई और पलटते हुए सीधे खुले नाले में जा गिरी। हादसे में कार की छत पूरी तरह पिचक गई, जिससे यशवेंद्र अंदर ही फंस गया। नाले पर सुरक्षा दीवार या ढक्कन नहीं होने के कारण कार सीधे गहरे नाले में गिर गई और पानी में समा गई। युवती ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

युवती का बयान दर्ज

पुलिस ने हादसे में घायल युवती का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला और यशवेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने यशवेंद्र के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×