राजधानी दिल्ली में सजेगा इंटरनेशनल खेल मंच, CTTC 2026 की तैयारी तेज, 35 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
CTTC 2026: दिल्ली में 2026 में होने वाली 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप (CTTC 2026) की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से इस बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की जानकारी साझा की। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
यह चैंपियनशिप कॉमनवेल्थ देशों के बीच होने वाला एक प्रमुख टेबल टेनिस टूर्नामेंट है, जिसमें 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेने की संभावना है। इसमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका और त्रिनिदाद एंड टोबैगो जैसे देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अलग-अलग कैटेगरी में मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का समापन 2 अगस्त को फाइनल मुकाबलों के साथ होगा। आने वाले दिनों में मैचों का पूरा शेड्यूल, टिकट बुकिंग और वॉलंटियर से जुड़ी जानकारी भी जारी की जाएगी।
CTTC 2026: कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
घोषणा के दौरान दिल्ली सरकार के कई मंत्री और खेल जगत से जुड़े वरिष्ठ लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के चेयरमैन विवेक कोहली, सलाहकार बृजेश माथुर, टीटीएफआई के उपाध्यक्ष राजीव दुग्गल, दिल्ली स्टेट टेबल टेनिस एसोसिएशन की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता, महासचिव बलबीर सिंह और द्रोणाचार्य अवॉर्डी संदीप गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
दिल्ली की तैयारियों पर मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी कर चुका है और अब यह चैंपियनशिप राजधानी को वैश्विक खेल मानचित्र पर और मजबूत बनाएगी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि त्यागराज स्टेडियम इस आयोजन का मुख्य केंद्र होगा, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतरीन अनुभव मिलेगा। इस आयोजन से दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल संस्कृति को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
2036 ओलंपिक विजन पर फोकस
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि दिल्ली सरकार 2036 ओलंपिक के विजन को ध्यान में रखते हुए खेलों के विकास पर लगातार काम कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में और बड़े खेल आयोजन आकर्षित किए जा सकें।कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली को देश की स्पोर्ट्स कैपिटल बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
युवाओं के लिए बड़ा मौका
उन्होंने बताया कि ऐसे बड़े आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और उनकी भागीदारी बढ़ाते हैं। सूद ने यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह एक शानदार अवसर होगा, जहां वे अपने घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ खेलकर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और देश को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद भी रहेगी।
इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। घरेलू माहौल और दर्शकों का समर्थन खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और बेहतर बना सकता है। इससे भारतीय टेबल टेनिस को भी नई पहचान मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी के बीच सरकार का बड़ा कदम, दिल्ली में हीटवेव से राहत के लिए शुरू की मोबाइल यूनिट्स सेवा
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा वायरल खबरें लिखने में माहिर हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन व भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) से पोस्ट ग्रेजुएट का डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजश्री टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की। इसके बाद वेबसाइट पर लिखने के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की और बाद में इंडिया डेली न्यूज चैनल में बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। फिर इसके बाद न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर की पद पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।

Join Channel