International Women's Day पर Delhi Metro ने महिलाओं को दिया खास तोहफा
International Women’s Day पर Delhi Metro महिलाओं के लिए खास आयोजन कर रहा है।
अगर आप भी दिल्ली मेट्रो से सफर करती हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली मेट्रो दिल्ली की महिलाओं के लिए खास आयोजन कर रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने महिलाओं के लिए यह दिन यादगार बनाने के लिए ‘ऑन-द-स्पॉट पेबल आर्ट’ और सुडोकु प्रतियोगिता जैसी मजेदार एक्टिविटी आयोजित की है।
इन स्टेशनों पर होगी प्रतियोगिताएं
DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि, यह एक्टिविटी तीन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों राजीव चौक, विश्वविद्यालय और दिल्ली हाट-आईएनए मेट्रो स्टेशनों पर 28 फरवरी, 3 मार्च और 4 मार्च को आयोजित की जाएंगी। इस प्रतियोगिता में सभी महिला यात्री भाग लेकर अपनी रचनात्मक कला का प्रदर्शन कर सकती हैं। तीनों मेट्रो स्टेशनों पर इन प्रतियोगिताओं के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
जीतने पर मिलेगा रिवॉर्ड
प्रतियोगिता में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली पेबल आर्ट आकृतियों को दिल्ली मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर प्रदर्शित किया जाएगा और पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा 28 फरवरी 4 मार्च तक दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन क्विज कॉम्पिटिशन भी आयोजित किया जाएगा। हर दिन सही उत्तर देने वाली पहली महिला को पुरस्कार दिया जाएगा। सुडोकू प्रतियोगिता और ऑनलाइन क्विज़ के विजेताओं की घोषणा 5 मार्च 2025 को दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट (www.delhimetrorail.com) पर की जाएगी। सभी विजेताओं को प्रशंसा पत्र और आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
‘मेट्रो में महिलाएं एक महत्वपूर्ण वर्ग’
कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो के लिए महिलाएं एक महत्वपूर्ण वर्ग हैं और दिल्ली मेट्रो उनकी सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देता है। महिला यात्रियों की यात्रा को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए विशेष आयोजन किया गया है। यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिला यात्रियों के लिए अपनी रचनात्मकता दिखाने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का एक अवसर भी है। इस विशेष आयोजन के जरिए DMRC महिला यात्रियों को रोचक, यादगार और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देगा।