हाईटेंशन तार की चपेट में आकर 17 वर्षीय किशोर झुलसा, अस्पताल में भर्ती
East Delhi Crime News : पूर्वी दिल्ली के ओल्ड कुंडली स्थित राजीव कॉलोनी में स्वतंत्रता दिवस के दिन छत पर पतंग उड़ा रहा 17 वर्षीय किशोर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने किशोर को रेस्क्यू कर लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने किशोर के करीब 90 फीसदी झुलसने की पुष्टि की है। हालत गंभीर होने पर उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि किसी धातु की वस्तु के संपर्क में आने से करंट प्रवाहित हुआ और हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग या ब्लास्ट जैसी स्थिति बनी। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजीव कॉलोनी, गली नंबर-1 स्थित एक मकान में किशोर के हाईटेंशन तार की चपेट में आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि किशोर घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। घर के सामने से 11 हजार बोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। पतंग उड़ाने के दौरान मांझा बिजली की लाइन पर जा गिरा। मांझा लाइन के संपर्क में आते ही नाबालिग को तेज करंट का झटका लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे की जानकारी मिलते ही उसकी मां भी मौके पर पहुंची और उसे बचाने का प्रयास किया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने सावधानीपूर्वक किशोर को वहां से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि किशोर के पिता रेलवे में अस्थायी कर्मचारी हैं। किशोर शादी पार्टी में वेटर का काम करता है।

Join Channel