विधवा भाभी से बात करने के शक में विधायक कार्यालय के पास युवक को उतारा मौत के घाट
East District Crime News : ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के न्यू अशोक नगर इलाके में स्थानीय विधायक के दफ्तर के पास एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की पहचान धर्मवीर उर्फ धनुआ (40) के रूप में की है। वह पेशे से ऑटो चालक था। डीसीपी (ईस्ट) राजीव रावल ने बताया कि पुलिस ने इस बाबत हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी प्रदीप (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शक के चलते हत्या की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों की माने तो प्रदीप को शक था कि धर्मवीर उसकी विधवा भाभी से चुपचाप बातचीत करता है। शनिवार देर रात को प्रदीप ने धर्मवीर को भाभी के घर के पास घूमते हुए भी देखा था। इस बात से वह आग बबूला हो गया। उसने लकड़ी के फट्टे और डंडे से धर्मवीर पर हमला कर दिया। वारदात के दौरान पास में मौजूद एक सुरक्षा गार्ड धर्मवीर को बचाने के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी देकर पीछे कर दिया।
आरोपी धर्मवीर को तब तक पीटते रहे, जब तक वह अचेत नहीं हो गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। वहीं, सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस धर्मवीर को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, कोंडली से स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार ने एरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार तड़के करीब 4.17 बजे पुलिस को रेड फॉक्स होटल, मयूर विहार फेज-3 से खबर मिली कि एक युवक पर जानलेवा हमला किया जा रहा है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची तो घायल धर्मवीर मिला। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जांच के दौरान टीम को एक सीसीटीवी फुटेज मिला। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शी ले बताया कि दो युवक उसे पीट रहे थे। पुलिस ने छानबीन के बाद हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी प्रदीप को दबोच लिया। सूत्रों के मुताबिक प्रदीप ने खुलासा किया है कि धर्मवीर उसकी विधवा भाभी पर बुरी नजर रखता था। इसी शक में उसने उसे मारा।
वारदात का सीसीटीवी वायरल
इस खौफनाक वारदात का करीब डेढ़ मिनट का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी रात करीब 3.30 बजे उसे मारते हुए दिख रहे हैं। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल प्रदीप के सहयोगी की तलाश में जुटी है।

Join Channel