महिला सुरक्षा में लापरवाही की तो अफसरों पर होगी कार्रवाई: एलजी
Police Instructed To Increase Patrolling In Sensitive Areas : राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही अब संबंधित अधिकारियों पर भारी पड़ सकती है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से जुड़े इंतजामों में ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदारी में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दिल्ली पुलिस को संवेदनशील स्थानों पर गश्त और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ ही विभिन्न एजेंसियों को पार्कों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से डार्क स्पॉट खत्म करने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों की ओर से उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में मुख्य सचिव, एमसीडी आयुक्त, एनडीएमसी अध्यक्ष, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव, डीडीए उपाध्यक्ष और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एलजी ने दिल्ली पुलिस से कहा कि केवल गश्त बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, आरडब्ल्यूए और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के साथ जमीनी स्तर पर संवाद बढ़ाया जाए। यह संवाद डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी, एसीपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों द्वारा किया जाए।
इस दौरान सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी चिंताओं और मांगों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सार्वजनिक पार्कों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। एलजी ने डीडीए, एमसीडी और अन्य संबंधित एजेंसियों से पार्कों में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और टूटी हुई चारदीवारी को दुरुस्त करने को कहा। सभी एजेंसियों के प्रमुखों को अपने अधिकार क्षेत्र के बड़े पार्कों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा का हवाला देकर पार्क और सार्वजनिक स्थान नागरिकों के लिए बंद नहीं किए जाने चाहिए।
सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी, एनडीएमसी और एमसीडी को अपने अधिकार क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित करने और डार्क स्पॉट पूरी तरह खत्म करने को कहा गया है।
दिल्ली पुलिस को ऐसे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां दृश्य पुलिसिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक परिवहन को भी सुरक्षा समीक्षा में शामिल किया गया है। परिवहन विभाग और डीटीसी को बसों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों में पहले दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देशों को लागू करने के साथ बस स्टैंडों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया है। एलजी ने साफ किया कि इन निर्देशों के पालन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Join Channel