W3Schools
Advertisement

स्वतंत्रता दिवस से पहले 10 राज्यों की पुलिस संग दिल्ली की अभेद सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार

09:22 PM Aug 05, 2026 IST | Sumant Chaudhary
स्वतंत्रता दिवस से पहले 10 राज्यों की पुलिस संग दिल्ली की अभेद सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार

Inter-State Meeting Chaired By Delhi CP Anurag Kumar : स्वतंत्रता दिवस-2026 समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय खुफिया एवं प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद बनाना तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। बैठक में स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर, देवेश चंद्र श्रीवास्तव और एच.जी.एस. धालीवाल सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

इसके अलावा दिल्ली पुलिस की लॉ एंड ऑर्डर, स्पेशल सेल, ट्रैफिक, सिक्योरिटी, क्राइम, इंटेलिजेंस, रेलवे, मेट्रो और आईजीआई एयरपोर्ट इकाइयों के अधिकारी भी शामिल हुए। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Advertisement

बैठक के दौरान आतंकवाद, सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के दुरुपयोग, सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने की कोशिशों, अंतरराज्यीय गैंगों की गतिविधियों, अवैध हथियारों की आपूर्ति और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त नाकाबंदी, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच, होटल एवं किरायेदार सत्यापन अभियान तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ाने पर सहमति जताई।

Advertisement

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस रख रही नजर

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने सभी राज्यों और एजेंसियों को खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दौरान किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने, ड्रोन गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विदेशों से संचालित गैंगों, संगठित अपराध सिंडिकेट, अवैध हथियारों की तस्करी और नशे के नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने पर भी रणनीति बनाई गई।

अधिकारियों ने निर्णय लिया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्यों के बीच रीयल-टाइम सूचना साझा करने की प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक के अंत में सभी राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लगातार समन्वय बनाए रखते हुए राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×