आजादपुर में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संभाली झाड़ू, स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा
Birth Anniversary Of Mahatma Gandhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत आजादपुर में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेने के साथ-साथ क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ, सड़क किनारे की दीवारों, जल निकासी व्यवस्था तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का मौके पर जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाथ में झाड़ू संभाली और इलाके में फैली गंदगी को साफ किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मौजूद गंदगी, फुटपाथ पर फल विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण, दीवारों पर किए गए अनधिकृत विज्ञापनों तथा क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संरचनाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर विधायक राजकुमार भाटिया, नगर निगम के अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सेंट्रल वर्ज और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का लिया जायजा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आजादपुर क्षेत्र के सेंट्रल वर्ज का भी निरीक्षण किया और वहां सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सेंट्रल वर्ज और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, अंडरपास और आसपास की लंबी दीवारों को वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के माध्यम से बेहतर बनाया जाए, ताकि क्षेत्र का स्वरूप स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटपाथ पर फल की दुकानें लगाने वाले लोगों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि रोजी-रोटी के लिए व्यवसाय करने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित समाधान निकाला जाएगा, ताकि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए सुगम रहे और क्षेत्र में स्वच्छता भी बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और दुकानदारों के लिए भी उचित व्यवस्था विकसित की जा सके।
फुटपाथ और मंडी क्षेत्र में सफाई पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आजादपुर मंडी में फल विक्रेताओं और श्रमिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी आजीविका के लिए फल की रेहड़ी लगाने वाले श्रमिकों की मेहनत का सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि काम समाप्त होने के बाद आसपास कूड़ा न छोड़ा जाए। फुटपाथ पर फल बेचने के बाद यदि कचरा वहीं छोड़ दिया जाता है तो वह नालियों में पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था को फिर से प्रभावित कर सकता है। इसलिए अधिकारियों और मंडी में काम करने वाले श्रमिकों, दोनों के सहयोग से व्यवस्थित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अटल चौक के विकास से जुड़े निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि जिस चौक को विकसित किया जा रहा है, वहां दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा स्थापित करने की योजना है और इस चौक को ‘अटल चौक’ नाम दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौक और उससे जुड़ी सड़क को स्वच्छ व सुंदर बनाया जाए। क्षेत्र में हरियाली, स्वच्छता और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, जीवन का संस्कार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सभ्य समाज की आधारशिला माना। आज से 12 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज देशव्यापी जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और संस्कार का हिस्सा होनी चाहिए। अपने घर के साथ-साथ गली, मोहल्ले, बाजार और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

Join Channel