W3Schools
Advertisement

कांग्रेस ने छेड़ी चुनाव आयोग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई

10:22 PM Oct 06, 2026 IST | Sumant Chaudhary
कांग्रेस ने छेड़ी चुनाव आयोग के खिलाफ आर पार की लड़ाई
Rahul Gandhi

Delhi News/ सुरेन्द्र पंडित : चुनाव आयोग की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों का आंदोलन अब निर्णायक टकराव की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लगातार दबाव बना रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ एसआईआर को रद्द करने और चुनावों में ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर व्यवस्था बहाल करने को पार्टी की प्रमुख मांगों में शामिल किया है।

Advertisement

इससे पहले मंगलवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च किया। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। पुलिस ने मार्च को चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने से पहले रोक दिया और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया।

Advertisement

क्या सीईसी का इस्तीफा बन सकता है कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि ? 

Advertisement

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे? अगर ऐसा होता है तो इसे कांग्रेस और इंडिया गठबंधन अपनी चुनावी व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर सकते हैं। हालांकि, फिलहाल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कोई सुगबुगाहट नहीं है। यहां इतिहास का तथ्य भी महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग की आधिकारिक सूची के अनुसार 1950 से अब तक कई मुख्य चुनाव आयुक्त अपने निर्धारित कार्यकाल के बाद पद से हटे हैं। वहीं 1973 में तत्कालीन सीईसी नागेंद्र सिंह ने कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा दिया था और बाद में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के न्यायाधीश बने। इसलिए यह कहना उचित नहीं होगा कि किसी सीईसी ने कभी इस्तीफा नहीं दिया। हालांकि, राजनीतिक दबाव के कारण किसी सीईसी के इस्तीफे का कोई स्थापित ऐतिहासिक उदाहरण सामने नहीं आता।

सीईसी को हटाना आसान नहीं

मुख्य चुनाव आयुक्त के पद की संवैधानिक सुरक्षा काफी मजबूत है। सीईसी को पद से हटाने की प्रक्रिया संसद के जरिए होती है और इसके लिए विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है। चुनाव आयोग की आधिकारिक जानकारी भी सीईसी को हटाने के लिए संसद की महाभियोग जैसी प्रक्रिया का उल्लेख करती है। यही वजह है कि कांग्रेस की मौजूदा मांग का केंद्र 'इस्तीफा' है, न कि सीधे हटाने की संसदीय प्रक्रिया। पार्टी का तर्क है कि यदि सीईसी स्वयं पद छोड़ते हैं तो इससे चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर राजनीतिक बहस को नया आयाम मिल सकता है।

राहुल गांधी ने संभाली कमान

वोटर लिस्ट और 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार मुखर हैं। मंगलवार को उन्होंने विपक्षी सांसदों के साथ चुनाव आयोग की ओर मार्च किया। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एसआईआर को मतदाता अधिकारों से जोड़ते हुए इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर चुनाव आयोग और सरकार की ओर से एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची से अपात्र, डुप्लीकेट या गलत प्रविष्टियों को हटाना बताया गया है।

इस पूरे विवाद के बीच कांग्रेस ने अपने आंदोलन को केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रखा है। पार्टी और इंडिया गठबंधन के नेताओं की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। 6 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने सीईसी के इस्तीफे और एसआईआर वापस लेने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

खड़गे की तीन प्रमुख मांगें

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की तीन प्रमुख और 'गैर-समझौतावादी' मांगें सामने रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर को रद्द करना और ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग शामिल है। कांग्रेस का कहना है कि इन मुद्दों पर वह पीछे हटने के लिए तैयार नहीं है। इंडिया गठबंधन के कई दल भी एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं। महाराष्ट्र में भी विपक्षी दलों के प्रदर्शन में सीईसी के इस्तीफे और एसआईआर समाप्त करने के साथ बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई गई।

राहुल गांधी का ‘धप्पा’ प्लान, पुलिस को चकमा देकर बदला रास्ता

इंडी गठबंधन का विरोध मार्च संसद भवन से शुरू होकर चुनाव आयोग के मुख्यालय तक होना था और वहां विपक्षी सांसद, एसआईआर में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाले थे। विरोध मार्च को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में भारी बैरिकेडिंग की गई थी। रास्ते में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात थी, ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए थे और चुनाव आयोग के ऑफिस तक पहुंचने का रास्ता बंद किया गया था। लेकिन विरोध मार्च के बीच में ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा ने पुलिस को चौंका दिया।

जब पुलिस ने मार्च रोककर इंडी गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लेना और उन्हें बसों में बैठाना शुरू किया तो राहुल और प्रियंका ने सड़क पर हिरासत में लिए जाने का इंतजार नहीं किया। पहले तो राहुल और प्रियंका पास खड़ी बस पर चढ़े लेकिन तभी अचानक उन्होंने अपने मार्च का रास्ता बदल लिया और पास ही स्थित आकाशवाणी भवन के परिसर में चले गए। राहुल और प्रियंका के अचानक मार्च का रास्ता बदलने से पुलिस चौंक गई। बाद में कांग्रेस नेता रिसेप्शन के एंट्री गेट पर इकट्ठा होने लगे और गांधी भाई-बहन के साथ अंदर शामिल होने की कोशिश करने लगे। कुछ कांग्रेस नेता जैसे केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी और श्री निवास बीवी बाद में धरने में शामिल हो गए, जबकि कुछ अन्य लोग बाउंड्री वॉल पर चढ़ गए।

कांग्रेस ने इस रास्ता बदलने वाले कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। कांग्रेस ने धप्पा कैप्शन के साथ ये वीडियो शेयर की । वीडियो में प्रदर्शनकारी तब रास्ता बदलते हुए दिखे जब ऐसा लग रहा था कि पुलिस ने मार्च को काबू में कर लिया है।

यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस को चौंकाया हो। 21 जुलाई को नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के एक दिन बाद राहुल और कांग्रेस सांसदों का एक समूह अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के पास पहुंचा और वहीं धरने पर बैठ गया। यह कदम न केवल पुलिस के लिए बल्कि कई कांग्रेस नेताओं के लिए भी आश्चर्यजनक था, जिन्हें केवल ये बताया गया था कि वे पार्टी के प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को जन्मदिन की बधाई देने के लिए इकट्ठा हो रहे थे। इस बार राहुल ने अपना तरीका बदल दिया, उन्होंने विरोध प्रदर्शन की योजना की घोषणा की और तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़े। लेकिन पुलिस के गिरफ्तार करने या हिरासत में लेने से पहले वो प्रदर्शन को ही दूसरी तरफ ले गए।

सब याद रखा जाएगा', राहुल-प्रियंका को डिटेन किए जाने के बाद कांग्रेस ने किया पोस्ट

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेसी सांसदों को आकाशवाणी भवन से हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिनभर चले प्रदर्शन के बाद हुई।

सुबह संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया। इसके बाद तमाम कांग्रेसी नेता आकाशवाणी भवन में ही धरने पर बैठ गए। करीब 9 घंटे तक डटे रहने के बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटा लिया। कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट से राहुल गांधी को डिटेन किए जाने का वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि सब याद रखा जाएगा। इससे पहले इंडी गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया था। वे चुनाव आयुक्तों से मुलाकात कर ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े सवाल उठाने की मांग कर रहे थे।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस सांसदों पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग को हटाया। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा भी आकाशवाणी भवन पर मौजूद थे। इससे पहले पुलिस ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई नेताओं को हिरासत में लिया था।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×