Delhi Solar Policy: दिल्ली CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, मुफ्त में लगेंगे 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम
दिल्ली के उर्जा क्षेत्र में बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए CM रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2025-26 में 400 यूनिट तक खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम बिना किसी शुरुआती लागत के लगाने का फैसला लिया है। दिल्ली में घरों तक सोलर पावर पहुंचाने के लिए 'दिल्ली सोलर एनर्जी पॉलिसी' में बदलाव करते हुए CM रेखा गुप्ता ने कहा कि ग्राहकों को इसे लगवाने के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा।
सब्सिडी का फायदा और कमाई भी
केंद्र सरकार से मिलने वाली 78,000 रुपए की सब्सिडी के साथ, दिल्ली सरकार भी 78,000 रुपए की कैपिटल सब्सिडी देगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, दिल्ली सरकार टॉप-अप के जरिए सब्सिडी और सोलर प्लांट की टेंडर वाली लागत के बीच के अंतर को भी कवर करेगी। 200 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को सोलर सिस्टम लगवाने के बाद न सब्सिडी का फायदा मिलता रहेगा, और बचाई गई बिजली के बदले एनर्जी-सेविंग इंसेंटिव भी कमा सकेंगे।
दिल्ली सोलर एनर्जी पॉलिसी-2023 में संशोधन
CM रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में PM नरेंद्र मोदी के 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के विजन को मजबूत करते हुए, सरकार ने एक ऐसा सिस्टम बनाया है जिससे आम घरों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना आसान हो जाएगा और उन पर बहुत कम या कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह पॉलिसी दिल्ली के लोगों को न सिर्फ बिजली इस्तेमाल करने, बल्कि उसे पैदा करने में भी सक्षम बनाएगी। बता दें कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'दिल्ली सोलर एनर्जी पॉलिसी-2023' में दूसरे संशोधन की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऊर्जा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद थे।

Join Channel