पत्नी की हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा दिनेश, कहा- साहब, मैंने ही उसे मार डाला
Delhi : द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक व्यक्ति अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की पहचान दिनेश पटेल (48) निवासी गोपाल नगर, नजफगढ़ के रूप में हुई है। जबकि मृतका की पहचान उसकी पत्नी सरिता (43) के रूप में हुई है।
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह दिनेश पटेल बाबा हरिदास नगर थाने पहुंचा और ड्यूटी ऑफिसर को बताया कि उसने आधी रात को अपनी पत्नी की तवे से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव घर में मिला। इसके बाद एफएसएल और क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दिनेश और सरिता की शादी वर्ष 2005 में हुई थी।
उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। आरोपी पहले एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन पिछले करीब दो महीने से बेरोजगार था।
स्किजोफ्रेनिया की बीमारी से परेशान था आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से स्किजोफ्रेनिया से पीड़ित है और उसका इलाज आरएमएल हॉस्पिटल में चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी से अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता था। शनिवार रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में उसने तवे से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बाबा हरिदास नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Join Channel