MCD आयुक्त ने दक्षिणी दिल्ली का लिया जायजा, ढलाव घरों पर दो-दो FSTS लगाने के निर्देश
Delhi : दिल्ली नगर निगम के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कटवारिया सराय और डियर पार्क स्थित ढलाव घरों, बेर सराय तथा एकता कैंप में निर्माणाधीन कन्वीनियंस सेंटर का दौरा किया और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संजीव खिरवार ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कूड़ा उठाने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए उन्होंने कटवारिया सराय और डियर पार्क के ढलाव घरों पर दो-दो एफएसटीएस स्थापित करने को कहा, ताकि कचरा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाई जा सके।
मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खिरवार ने सड़क किनारे नालियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंत्रण और स्वच्छता विभाग को समयबद्ध तरीके से सिल्ट निकालने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारु रहे और जलभराव की स्थिति न बने।
"निगम की प्राथमिकता स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना"
आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि निगम की प्राथमिकता स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना, नालों को अवरोधमुक्त रखना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एकता कैंप में निर्माणाधीन कन्वीनियंस सेंटर का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की भी समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 150 वर्ग गज में बन रहे इस केंद्र में शौचालय, स्नानघर और कपड़े धोने की सुविधा उपलब्ध होगी। आयुक्त ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : महिला कॉन्स्टेबल को झूठा रेप केस दर्ज करना पड़ा महंगा, कोर्ट ने दिया FIR का आदेश

Join Channel