दिल्ली से यूपी तक भागते रहे, पुलिस ने फरार चल रहे 5 भगोड़ों को पकड़ा
Delhi : अदालत से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट, झपटमारी और चेक बाउंस के मामलों में अदालत द्वारा घोषित पांच भगोड़ों को दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार या ट्रेस किया है। इनमें दो आरोपी ऐसे भी मिले जो दूसरे मामलों में पहले से जेल में बंद थे। पुलिस ने उनके खिलाफ अब प्रोडक्शन वारंट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए आरके पुरम, वसंत विहार और साउथ कैंपस थाना क्षेत्र की विशेष टीमें बनाई गई थीं। टीमों ने तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय मुखबिरों, ई-प्रिजन पोर्टल और अदालत के रिकॉर्ड की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपियों के पहचान गाजियाबाद निवासी मोहम्मद इस्लामी, आरके पुरम निवासी पवन उर्फ अमन राणा, रंगपुरी पहाड़ी निवासी प्रीतम कुमार श्रीवास्तव, मुस्तफाबाद निवासी लेडी (रिहाना) और सहारनपुर निवासी पंकज के रूप में हुई हैं।
मोहम्मद इस्लामी को हथियारबंद लूट के मामले में सीमा पर दबोचा गया। वहीं पवन और प्रीतम झपटमारी के मामलों में घोषित अपराधी थे और फिलहाल अन्य मामलों में जेल में बंद मिले। इसके अलावा चेक बाउंस (एनआई एक्ट) के मामलों में फरार घोषित लेडी (रिहाना) को मुस्तफाबाद से और पंकज को उसके सहारनपुर स्थित गांव से गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों की जानकारी संबंधित थानों और अदालतों को दे दी गई है।
यह भी पढ़ें : Aaj Ka Mandi Ka Bhav 6 July: गर्मी के मौसम में आम और मौसमी फलों की बढ़ी मांग, जानें दिल्ली की मंडी में आज का भाव
Join Channel