सड़क हादसे में युगांडा की छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Delhi : साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के लाजपत नगर इलाके में सोमवार देर रात कथित तौर पर सड़क हादसे में युगांडा की 23 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका युवती की पहचान नाका वेमा नोवा के तौर पर की है। पुलिस ने युवती की मौत की जानकारी युगांडा एम्बेसी के अधिकारियों को दे दी है।
पुलिस ने इस बाबत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतका के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाका वेमा नोवा मूल रूप से युगांडा की रहने वाली थी। दिल्ली में वह अपने साथियों के साथ पंचशील विहार स्थित ए-22 में रह रही थीं। सड़क हदसा लाजपत नगर एरिया में गत छह जुलाई की दरम्यानी रात करीब एक बजे पेश आया था।
क्राइम टीम और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य किए गए एकत्र
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 2:20 बजे एम्स ट्रॉमा सेंटर से 23 वर्षीय विदेशी नागरिक युवती को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। जिसके बाद लाजपत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्राइम टीम और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस ने शुरुआती जांच और पूछताछ के बाद बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के दोस्तों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सड़क दुर्घटना का लग रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वाहन और चालक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : महिला कॉन्स्टेबल को झूठा रेप केस दर्ज करना पड़ा महंगा, कोर्ट ने दिया FIR का आदेश

Join Channel