Delhi Weather Today: बारिश के बाद दिल्ली में बढ़ी ठंडक, आज कैसा रहेगा मौसम? जानें तापमान और बारिश का पूरा अपडेट
Delhi Weather Today: सितंबर के आखिरी दिनों में दिल्ली के मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार को हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह दिल्ली-NCR में हल्की ठंडक महसूस की गई। सुबह का तापमान सितंबर के सामान्य स्तर से कम रहा। इसी बीच मौसम विभाग ने 28 सितंबर के लिए अपना ताजा मौसम बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 सितंबर को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकता है। हालांकि, दिनभर बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने किसी बड़े मौसमी प्रभाव की आशंका भी नहीं जताई है और न ही किसी विशेष कार्रवाई की सलाह दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर तक हवा की गति बढ़कर 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाएगी। वहीं, शाम के समय दक्षिण-पश्चिम दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
28 सितंबर को कितना रहेगा दिल्ली का तापमान?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
सितंबर के इस समय दिल्ली में सामान्य अधिकतम तापमान करीब 34.7 डिग्री सेल्सियस रहता है। ऐसे में आज दिन का तापमान सामान्य से कुछ कम रहने की संभावना है और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है।
पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कहां-कितनी बारिश हुई?
27 सितंबर को सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में 4.9 मिमी, पालम में 3.7 मिमी और लोदी रोड में 5.2 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा दिल्ली रिज में 6.8 मिमी और मयूर विहार में 7.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, 27 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली में किसी भी स्थान पर बारिश दर्ज नहीं की गई।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के हर्ष विहार में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Join Channel