गिरधर लाल अस्पताल में शुरू होगी डायलिसिस सुविधा, 4 करोड़ से सुधरेगा इंफ्रास्ट्रक्चर
Delhi Municipal Corporation : दिल्ली नगर निगम के गिरधर लाल अस्पताल में मरीजों को जल्द डायलिसिस की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण लाने और मरीजों को कम कीमत पर जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि स्टोर खोलने की भी योजना है। अस्पताल के सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए करीब चार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को गिरधर लाल अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा चिकित्सा एवं सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति का जायजा लिया। डॉ. मोनिका पंत ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक तकनीक पर आधारित नई मशीनें और चिकित्सा उपकरण चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें मरीजों की जरूरत के अनुसार आवश्यक उपकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी। डायलिसिस सुविधा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे जरूरतमंद मरीजों को निगम के अस्पताल में ही यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये से अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पताल में उपचार कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना है। उप-महापौर ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और उपचार के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली।
अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता और उपचार व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद किरण बाला, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ. ए.एन. माथुर और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश सहित निगम एवं अस्पताल के अधिकारी मौजूद रहे।

Join Channel