एशियाई खेलों में डीयू की आशीमा अहलावत ने जीता सिल्वर, विश्वविद्यालय का बढ़ाया मान
Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की छात्रा आशीमा अहलावत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर देश के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय का भी नाम रोशन किया है। आशीमा ने अपनी टीम की साथी निशानेबाजों नीरू ढांडा और मनीषा कीर के साथ महिलाओं के ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से दिल्ली विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने आशीमा अहलावत को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आशीमा की इस सफलता से भारत के साथ-साथ दिल्ली विश्वविद्यालय का भी गौरव बढ़ा है। विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों और भावी खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। कुलपति ने बताया कि आशीमा अहलावत दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (डीएसई) में एमए की छात्रा हैं।
इंटर-यूनिवर्सिटी शूटिंग में भी शानदार प्रदर्शन
डीयू स्पोर्ट्स काउंसिल के निदेशक खेल डॉ. अनिल कुमार कलकल ने बताया कि आशीमा अहलावत विश्वविद्यालय की महिला शूटिंग टीम की सदस्य भी रही हैं। अप्रैल 2026 में पंजाब के अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) में आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी शूटिंग (महिला) टूर्नामेंट में डीयू की टीम ने ट्रैप इवेंट में टीम गोल्ड मेडल जीता था।
इस प्रतियोगिता में आशीमा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल भी हासिल किया था। आशीमा की हालिया एशियाई खेलों की उपलब्धि को विश्वविद्यालय ने उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन और खेल प्रतिभा की सफलता के रूप में देखा है। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धि डीयू के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

Join Channel