DU ECA admission : 16 जुलाई से शुरू होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं, विश्वविद्यालय ने ट्रायल की संभावित तारीखें कीं जारी
DU ECA Admission : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) नामांकन के तहत एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज (ईसीए) कोटा के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं और परीक्षा स्थलों की जानकारी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार, अधिकांश ईसीए श्रेणियों की प्रायोगिक परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू होंगी। यह प्रक्रिया कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के तहत चल रही प्रवेश प्रक्रिया का हिस्सा है।
डीयू ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा की तारीख और समय की विस्तृत सूची आवेदन संशोधन (करेक्शन) प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 14 जुलाई तक जारी कर दी जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा संबंधी सभी अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट नियमित रूप से देखनी होगी, क्योंकि अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी।
विश्वविद्यालय ने दिल्ली से बाहर के अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी संबंधित ईसीए श्रेणी की निर्धारित परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से यात्रा टिकट बुक करा लें। साथ ही परीक्षा स्थल के आसपास ठहरने की व्यवस्था भी कर लें।
योग की परीक्षा 17 जुलाई से आयोजित
यदि किसी अभ्यर्थी की आरक्षित यात्रा की तारीख और प्रायोगिक परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ती है तो वह विश्वविद्यालय को लिखित अनुरोध देकर परीक्षा की तिथि बदलने का आग्रह कर सकता है। विश्वविद्यालय उपलब्ध समय के अनुसार, ऐसे अनुरोधों पर विचार करेगा।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार, नृत्य, वाद-विवाद, गायन और रंगमंच की प्रायोगिक परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू होकर लगभग एक सप्ताह तक चलेंगी, जबकि योग की परीक्षा 17 जुलाई से आयोजित होगी। प्रश्नोत्तरी और ललित कला की परीक्षाएं 20 जुलाई तथा रचनात्मक लेखन, वाद्य यंत्र वादन और डिजिटल मीडिया की परीक्षाएं 21 जुलाई से प्रस्तावित हैं।
विश्वविद्यालय ने विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग नोडल कॉलेज निर्धारित किए हैं, वहीं, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) श्रेणियों के लिए कोई प्रायोगिक परीक्षा नहीं होगी। डीयू के अनुसार प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक 25 या 26 जुलाई के आसपास प्रवेश पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिसके बाद अभ्यर्थियों को दो से तीन दिन तक आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : मुंबई: एसी लोकल की घटना पर सीपीआरओ बोले- सभी यात्रियों की हालत सामान्य, रेलवे सतर्क

Join Channel