Gurugram Rain News Update: गुरुग्राम में बारिश ने मचाई आफत! NH-48 धंसा एक हिस्सा, 10 KM लंबे जाम में घंटों फंसे हजारों लोग
हरियाणा के गुरुग्राम में लगातार हो रही मानसून की बारिश लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। मंगलवार को शहर में जलभराव के कारण करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लगा था। लोग उस समस्या से पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि बुधवार को हालात और ज्यादा खराब हो गए। तेज बारिश के बीच दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर (NH-48 Road Cave In) सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे पूरे इलाके में ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कई जगह गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और हजारों लोगों को घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क धंसने की घटना के बाद ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। इफको चौक से लेकर नरसिंहपुर तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल बसें और दूसरे वाहन लंबे समय तक सड़क पर ही फंसे रहे। बारिश और सड़क धंसने की वजह से वाहनों की रफ्तार लगभग रुक गई।
ट्रैफिक से निपटने के लिए बनाए गए 3 डायवर्जन

हालात को नॉर्मल करने के लिए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। ट्रैफिक अधिकारियों के अनुसार, सड़क धंसने वाले हिस्से के आसपास तीन प्रमुख डायवर्जन बनाए गए ताकि गाड़ियों का दबाव कम किया जा सके। वहीं सड़क की मरम्मत का काम तेजी से किया गया और उम्मीद जताई गई कि जल्द ही हाईवे पर नॉर्मल आवाजाही फिर से शुरू कर दी जाएगी।
भारी ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए गुरुग्राम पुलिस और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से काम किया। दोनों राज्यों की पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों और हाईवे पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने की कोशिश की। लगातार निगरानी और डायवर्जन की मदद से धीरे-धीरे जाम को कम करने का प्रयास किया गया।
शहर के कई इलाकों में हुआ जलभराव

मूसलाधार बारिश के कारण गुरुग्राम के कई हिस्सों में पानी भर गया। मुख्य सड़कें, चौराहे और निचले इलाके पानी में डूब गए। जलभराव की वजह से कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिससे ट्रैफिक और ज्यादा प्रभावित हुआ। लोगों को अपने घर और ऑफिस पहुंचने में काफी समय लगा। कई जगहों पर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके साथ ही गुरुग्राम नगर निगम की टीम भी लगातार जलभराव वाले इलाकों में पानी निकालने का काम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, शहर में पहले से 155 ऐसे स्थानों की पहचान की गई थी जहां बारिश के दौरान पानी भरने की आशंका रहती है। इनमें से 95 स्थानों पर स्थायी समाधान किया जा चुका है। हालांकि बाकी इलाके निचले होने के कारण वहां से पानी निकालने के लिए पंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक बारिश का असर बना हुआ है, तब तक बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। जिन रास्तों पर जलभराव या ट्रैफिक जाम की स्थिति है, वहां जाने से बचें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए डायवर्जन का पालन करें। मौसम विभाग की ओर से भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें: MCD आयुक्त ने दक्षिणी दिल्ली का लिया जायजा, ढलाव घरों पर दो-दो FSTS लगाने के निर्देश

Join Channel