उपराज्यपाल ने एमसीडी को भवन उपनियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
Tarunjit Singh Sandhu Directed : दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में इमारत ढहने की घटना के बाद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को राजधानी में अवैध संरचनात्मक विस्तार पर रोक लगाने के लिए भवन उपनियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल ने दिल्ली नगर निगम (MCD) की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक का उद्देश्य बेहतर शहरी प्रशासन, नागरिक बुनियादी ढांचे में सुधार और राजधानी में संरचनात्मक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करना था।
संधू ने भवन उपनियमों के सख्त अनुपालन पर दिया जोर
यह समीक्षा बैठक शनिवार को साकेत में हुई इमारत ढहने की घटना के बाद आयोजित की गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद भवन से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आई हैं और MCD ने इस मामले में अपने दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। संधू ने अवैध संरचनात्मक विस्तार पर रोक लगाने के लिए भवन उपनियमों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया और एमसीडी को अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए समयबद्ध रणनीति लागू करने का निर्देश दिया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
उन्होंने बताया कि बैठक में मानसून से पहले वर्षा जल निकासी नालों की सफाई, धूल प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों और फुटपाथ की मरम्मत तथा स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के लिए कचरा निस्तारण अभियान तेज करने जैसे प्रमुख नागरिक मुद्दों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें : https://www.punjabkesari.com/delhi-ncr-news/cm-rekha-gupta-visit-to-burari-transport-office/

Join Channel