गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई का मुद्दा पहुंचा दिल्ली हाईकोर्ट
Delhi High Court : राजधानी के हौज खास इलाके में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई का मुद्दा अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में दायर याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हो सकती है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि 30 मई से इलाके के एक्स और वाई ब्लॉक क्षेत्र में घरों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है।
इससे लोगों के पेट में दर्द, उलटी, दस्त और बुखार की शिकायतें आम हैं। कई लोग बुरी तरह बीमार पड़ चुके हैं। याचिका में कहा गया है कि जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर 30 और 31 मई को शिकायत की गयी, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ, फिर एक शिकायत एक जून को की गयी लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
परिवारों पर बढ़ गया आर्थिक बोझ
याचिका में कहा गया है कि स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि खाना बनाने से लेकर दैनिक उपयोग के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। याचिका में मांग की गई है कि हौज खास के एक्स और वाई ब्लॉक की जल आपूर्ति की सीवर लाइनों का निरीक्षण किया जाए व आवश्यक मरम्मत आदि का काम पूरा हो। इसके साथ ही प्रभावित इलाकों में मुफ्त पानी के टैंकर उपलब्ध करवाए जाए और नमूनों की जांच कर रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए।
यह भी पढ़ें : https://www.punjabkesari.com/delhi-ncr-news/apply-new-ration-card-online/

Join Channel