पश्चिम की बस्तियों से पूर्वी दिल्ली की सड़कों तक सफाई में उतरी एमसीडी
MCD News : राजधानी में कहीं झुग्गी बस्तियों में जमा कूड़ा उठाया गया तो कहीं सड़कों के किनारे जमी धूल और मलबे पर निगम की मशीनें चलीं। शनिवार को दिल्ली नगर निगम की सफाई मुहिम पश्चिम से पूर्वी दिल्ली तक दिखाई दी। पश्चिमी जोन में 125 सफाई कर्मचारियों को उतारकर दो जेजे क्लस्टरों से करीब 3.5 मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया, जबकि पूर्वी जोन में पार्क और सड़कों से आठ टन मलबा, कूड़ा और रोड डस्ट साफ किया गया।
सफाई के साथ पश्चिमी दिल्ली में छह जगह शिविर लगाकर लोगों की निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सरकारी सेवाओं को उनके इलाके तक पहुंचाने की कोशिश भी की गई। पश्चिमी जोन में राजौरी गार्डन के वार्ड संख्या 96 के ई-ब्लॉक जेजे क्लस्टर और विकासपुरी के वार्ड संख्या 107 स्थित टी-कैंप, कृष्णा कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान चला। 125 कर्मचारियों के साथ लोडर, ट्रक, साइकिल रिक्शा और व्हील बैरो लगाए गए। चिन्हित स्थानों से करीब साढ़े तीन टन कूड़ा उठाया गया। सफाई के साथ पश्चिमी दिल्ली में नागरिक सुविधाओं को लेकर भी अभियान चला।
जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत एम-ब्लॉक रघुबीर नगर, टैगोर गार्डन एक्सटेंशन, बी-3 जनकपुरी, 12 ब्लॉक तिलक नगर, रन्हौला और मोहन गार्डन में शिविर लगाए गए। एमसीडी ने यहां अपने अधिकारियों को तैनात किया, ताकि लोगों को निगम की सेवाओं की जानकारी मिलने के साथ शिकायतों के समाधान में मदद मिल सके।
पूर्वी दिल्ली में रोड डस्ट पर भी फोकस
उधर, पूर्वी जोन में राजधानी एन्क्लेव पार्क से गुजरात विहार और कड़कड़ी मोड़ तक सफाई अभियान चलाया गया। यहां करीब पांच टन मलबा, दो टन म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट और एक टन रोड डस्ट यानी कुल आठ टन सामग्री हटाई गई। राजधानी एन्क्लेव पार्क की सफाई के साथ सौंदर्यीकरण भी किया गया। इस अभियान में एमसीडी कर्मचारियों के साथ 40 से अधिक स्वयंसेवक भी शामिल हुए। वृक्षित फाउंडेशन, स्वास्थ्य विहार आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोगों ने निगम की टीमों के साथ सफाई में हाथ बंटाया।
उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं है और लोगों की भागीदारी से ही इसे स्थायी अभियान बनाया जा सकता है। जोनल चेयरमैन यशपाल सिंह कैंतुरा ने सफाई के बाद स्थानों को उसी स्थिति में बनाए रखने पर जोर दिया। पूर्वी जोन के उपायुक्त अज़हरुद्दीन ज़हीरुद्दीन क़ाज़ी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई के साथ सड़कों पर जमा धूल को नियंत्रित करना भी निगम की प्राथमिकता है।

Join Channel