14 दिन से बेटी की राह देख रही थी मां, पुलिस ने ओडिशा से ढूंढ निकाला
Delhi News : 14 दिन से लापता 16 वर्षीय बेटी की राह देख रही मां की आंखों में शनिवार को भी चिंता थी। बेटी कहां है, किस हाल में है और कब वापस आएगी, इन सवालों के जवाब परिवार के पास नहीं थे। इसी उम्मीद के साथ मां इंद्रपुरी थाने में आयोजित जनसुनवाई में पहुंची और डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के सामने अपनी परेशानी रखी। परिवार को जानकारी थी कि किशोरी की लोकेशन ओडिशा में मिल रही है। मां की गुहार सुनते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक, किशोरी करीब 14 दिन पहले इंद्रपुरी थाना क्षेत्र से लापता हुई थी। इस संबंध में अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। परिवार अपने स्तर पर भी बेटी को खोज रहा था, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था। शनिवार को जनसुनवाई में मामला डीसीपी के सामने पहुंचा तो पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
मां की फरियाद पर तुरंत सक्रिय हुआ पुलिस तंत्र
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने ओडिशा के गंजम जिले के एसपी हरीश से संपर्क किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की गई। जांच में सामने आया कि किशोरी एक पड़ोसी के साथ ओडिशा गई थी। कुछ समय वहां रहने के बाद उसने अपने परिवार से संपर्क भी किया था। पुलिस को आशंका थी कि वह दोबारा अपना ठिकाना बदल सकती है। ऐसे में किसी भी तरह की देरी किशोरी की तलाश को मुश्किल बना सकती थी। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत अपनी टीम ओडिशा भेजने का फैसला किया। एसीपी इंद्रराज सिंह मीणा की देखरेख और एसएचओ इंद्रपुरी अफसर रजा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अभिषेक और महिला कांस्टेबल अन्नू चौधरी फ्लाइट से ओडिशा पहुंचे। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दोनों ने किशोरी की तलाश की और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
फ्लाइट से गई टीम, बेटी को लेकर लौटी
किशोरी को बरामद करने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम उसे लेकर वापस दिल्ली पहुंची और परिजनों को सौंप दिया। 14 दिनों से जिस बेटी के लौटने का परिवार इंतजार कर रहा था, उसके सामने आते ही घर का माहौल बदल गया। मां की चिंता राहत में बदल गई और परिवार ने बेटी को सुरक्षित देखकर चैन की सांस ली। डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने कार्रवाई में महिला सब इंस्पेक्टर खुशबू, सब इंस्पेक्टर अभिषेक और महिला कांस्टेबल अन्नू चौधरी की भूमिका की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई में दिल्ली और ओडिशा पुलिस के बीच समन्वय भी अहम रहा। जनसुनवाई में मां की फरियाद से शुरू हुई तलाश आखिरकार बेटी की सुरक्षित वापसी पर जाकर पूरी हुई।

Join Channel