शिकायतों की जड़ तक पहुंचेगा एनडीएमसी, जल्द आएगा ‘सुविधा कैंप 2.0’
NDMC News : नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) अब केवल नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की जड़ तलाशकर व्यवस्था में सुधार करेगी। इसी दिशा में एनडीएमसी अपने मासिक सुविधा कैंप के स्वरूप में बदलाव कर जल्द ही ‘सुविधा कैंप 2.0’ शुरू करने की तैयारी कर रही है। शनिवार को जय सिंह रोड स्थित एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सुविधा कैंप में मिले फीडबैक और शिकायतों की समीक्षा के बाद इसमें जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
कैंप में एनडीएमसी के 30 विभागों के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी एक साथ मौजूद रहे। एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह ने कैंप का नेतृत्व करते हुए शिकायतों के निस्तारण की निगरानी की। इस दौरान कुल 91 जन-शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें सबसे अधिक मामले कार्मिक, सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, वाणिज्यिक, कर और संपदा विभाग से जुड़े रहे।
शिकायत का निस्तारण ही नहीं, बार-बार क्यों आ रही समस्या यह भी देखेंगे
एनडीएमसी के मुताबिक सुविधा कैंप 2.0 में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ उन समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो बार-बार अलग-अलग नागरिकों की ओर से सामने आती हैं। ऐसी शिकायतों का मूल कारण तलाशकर संबंधित व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, ताकि एक ही समस्या के लिए लोगों को बार-बार शिकायत न करनी पड़े। एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि सुविधा कैंप नागरिकों के लिए सूचना, सुविधा और शिकायत निवारण का सिंगल-विंडो मंच है। कैंप को अधिक प्रभावी और परिणाम आधारित बनाने के उपायों पर भी विचार किया जा रहा है। शनिवार को मिले फीडबैक और समीक्षा के आधार पर इसमें बदलाव कर जल्द सुविधा कैंप 2.0 शुरू किया जाएगा।
विभागाध्यक्षों के सामने ही रखी समस्याएं
कैंप की खास बात यह रही कि नागरिकों को अपनी समस्या संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने सीधे रखने का अवसर मिला। विभागाध्यक्ष स्वयं सहायता डेस्क की निगरानी करते रहे। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया, जबकि नीतिगत स्तर पर निर्णय की जरूरत वाले मामलों में नागरिकों को प्रक्रिया और निस्तारण की संभावित समय-सीमा की जानकारी दी गई। सचिव राहुल सिंह ने नागरिकों से बातचीत कर शिकायतों की प्रकृति की समीक्षा की और विभागाध्यक्षों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा वितरण का आधार नागरिक संतुष्टि होनी चाहिए।
ऑनलाइन भी पता चलेगा शिकायत कहां तक पहुंची
एनडीएमसी ने शिकायत निवारण के लिए अपने ‘जन सुविधा पोर्टल’ को भी मजबूत करने की बात कही है। इसके जरिये नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज करने के साथ उसकी स्थिति देख सकते हैं और निस्तारण के बाद फीडबैक भी दे सकते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों की भी संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा निगरानी की जा रही है। एनडीएमसी का कहना है कि मासिक सुविधा कैंप और डिजिटल शिकायत प्रणाली को आपस में अधिक प्रभावी तरीके से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके अंतिम निस्तारण तक जवाबदेही तय की जा सके।

Join Channel