W3Schools
Advertisement

Punjabi Bagh : गोल्डी बराड़ के नाम पर रेस्टोरेंट कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी, केस दर्ज

10:18 PM Aug 05, 2026 IST | Sumant Chaudhary
punjabi bagh   गोल्डी बराड़ के नाम पर रेस्टोरेंट कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी  केस दर्ज
Goldy Brar

West Delhi Crime News : वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के पंजाबी बाग स्थित एक रेस्टोरेंट कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। कारोबारी राजकुमार वालिया ने आरोप लगाया है कि उन्हें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और मनीष खरखोदा के नाम पर विदेशी नंबरों से वॉयस नोट और फोन कॉल के जरिए लगातार धमकियां दी गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, राजकुमार वालिया पंजाबी बाग के क्लब रोड स्थित ब्रीथ फाइन लाउंज एंड बार का संचालन करते हैं।

Advertisement

उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से एक वॉयस नोट आया। वॉयस नोट में खुद को गोल्डी बराड़ बताने वाले व्यक्ति ने 5 करोड़ की मांग करते हुए कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। राजकुमार वालिया का आरोप है कि अगले दिन 19 जुलाई को एक विदेशी नंबर से दो बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मनीष खरखोदा, गोल्डी बराड़ का छोटा भाई बताते हुए 5 करोड़ देने का दबाव बनाया। जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

Advertisement

परिवार दहशत में, पुलिस ने शुरू की जांच

लगातार मिल रही रंगदारी और जान से मारने की धमकियों के बाद कारोबारी राजकुमार वालिया और उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। शिकायत में उन्होंने बताया कि विदेशी नंबरों से आए वॉयस नोट और फोन कॉल में न केवल 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई, बल्कि रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या करने की धमकी भी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाबी बाग थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच की जिम्मेदारी एसआई दीपक साहू को सौंपी गई है।

Advertisement

पुलिस विदेशी मोबाइल नंबरों, वॉयस नोट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी देने वाले वास्तव में संगठित गैंग से जुड़े हैं या किसी ने गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की साजिश रची है। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×