रेलवे के टिकट चेकिंग अभियान में स्टेशन पर पकड़े गये 155 यात्री, लगाया गया 1,21,800 का जुर्माना
Railway : भारतीय रेलवे के दिल्ली डिवीजन ने बिना टिकट यात्रा और ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए टिकट चेकिंग अभियान शुरु किया है। इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान के तहत दिल्ली शाहदरा-शामली-दिल्ली शाहदरा रेलवे सेक्शन पर बिना टिकट यात्रा करते हुए 55 यात्री पकड़े गए और रेलवे ने इनसे 29,575 रुपये का जुर्माना वसूला।
जबकि सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर 'फोर्ट्रेस चेक' यानी टिकट चेकिंग के विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले 155 यात्री पकड़े गए और जिन पर 1,21,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली डिवीजन बिना टिकट यात्रा और ट्रेनों में अनाधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए नियमित रूप से टिकट चेकिंग अभियान चला रहा है।
बिना इजाजत घूमने वाले लोगों पर चलाया जा रहा चेकिंग अभियान
इन अभियानों के परिणामस्वरूप कई लोगों को पकड़ा गया और उनसे जुर्माना वसूला गया। यह अभियान टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मिलकर चलाते हैं। सही टिकट के साथ यात्रा सुनिश्चित कराने व ट्रेनों में बिना इजाजत लोगों को आने-जाने से रोकने के लिए यह अभियान शुरु किया गया है।
वहीं दिल्ली के डिवीजनल रेलवे मैनेजर पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने सही टिकट के साथ यात्रा करने की अहमियत पर जोर देते हुए बताया कि यात्रा केवल वैध टिकट के साथ ही करनी चाहिए। यह सभी के लिए सुविधाजनक है। दिल्ली डिवीजन बिना टिकट यात्रा करने वालों और टिकट वाले इलाकों में बिना इजाजत घूमने वाले लोगों पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग टिकट चेकिंग अभियान चला रहा है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली को हराभरा बनाने की बड़ी पहल, एक साल में लगेंगे 70 लाख पेड़-पौधे, CM रेखा ने शुरू की मेगा प्लांटेशन ड्राइव 2026

Join Channel