W3Schools
Advertisement

बुराड़ी में शुरू हुआ देश का सबसे बड़ा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सालाना एक लाख वाहनों की होगी फिटनेस जांच

09:40 PM Sep 26, 2026 IST | Sumant Chaudhary
बुराड़ी में शुरू हुआ देश का सबसे बड़ा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन  सालाना एक लाख वाहनों की होगी फिटनेस जांच
Rekha Gupta

Seva Sankalp Abhiyan :  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बुराड़ी में देश के सबसे बड़े ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों में से एक का उद्घाटन किया। दिल्ली सरकार द्वारा वाहन फिटनेस जांच व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। बुराड़ी स्थित इस पांच लेन वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की प्रतिवर्ष एक लाख वाहनों की फिटनेस जांच करने की क्षमता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लिए यह खुशी का अवसर है कि राजधानी में देश के सबसे बड़े ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों में से एक स्थापित हुआ है।

Advertisement

बुराड़ी एटीएस में 40,000 भारी मोटर वाहनों और 60,000 हल्के मोटर वाहनों की वार्षिक जांच की जा सकेगी। यह पांच-लेन वाला आधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन वाहनों की फिटनेस जांच को वैज्ञानिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां वाहनों की फिटनेस का परीक्षण पूरी तरह स्वचालित प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इसमें ब्रेक दक्षता, सस्पेंशन प्रदर्शन, हेडलाइट की स्थिति, साइड-स्लिप, उत्सर्जन स्तर और वाहन के निचले हिस्से की जांच सहित विभिन्न मानकों का परीक्षण किया जाएगा। इससे पहले 3 सितंबर को तेखंड में प्रतिवर्ष लगभग 72,000 वाहनों की फिटनेस जांच क्षमता वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया था।

Advertisement

पूरे वर्ष प्रदूषण के विरुद्ध काम

Advertisement

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के समाधान के लिए केवल सर्दियों में किए जाने वाले अस्थायी उपाय पर्याप्त नहीं हैं। सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण को पूरे वर्ष चलने वाली निरंतर प्रक्रिया के रूप में लिया है और परिवहन, हरित क्षेत्र के विस्तार, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, कचरा प्रबंधन तथा तकनीक आधारित निगरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ काम किया जा रहा है। प्रदूषण किसी एक सीमा तक सीमित नहीं रहता और दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता कई क्षेत्रों से प्रभावित होती है, लेकिन दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए आवश्यक ठोस कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी सोच के तहत वाहन फिटनेस जांच व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है।

पीयूसी केंद्रों को भी तकनीक आधारित निगरानी से जोड़ा जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र जारी करने वाले पीयूसी केंद्रों की व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाया जाएगा। दिल्ली में एक अक्टूबर से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र से संबंधित प्रवर्तन व्यवस्था को लागू किया जाएगा। इसके साथ ही पीयूसी केंद्रों की निगरानी और व्यवस्था को तकनीक से मजबूत करने पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल प्रदूषण की समस्या पर चर्चा करना नहीं, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस, दीर्घकालिक और प्रभावी कदम उठाना है। सरकार का प्रयास है कि परिवहन व्यवस्था स्वच्छ भी हो, सुरक्षित भी हो और तकनीक से सक्षम भी हो। वाहन फिटनेस जांच को मजबूत करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि सड़क पर चलने वाले वाहनों की निर्धारित फिटनेस और उत्सर्जन मानकों का पालन सुनिश्चित करना स्वच्छ हवा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए आवश्यक है।

तकनीक से होगी सटीक और पारदर्शी वाहन फिटनेस जांच

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि बुराड़ी में ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर (एटीएस) की शुरुआत दिल्ली की वाहन फिटनेस जांच व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नंद नगरी, तेखंड और बुराड़ी में एटीएस शुरू होने से दिल्ली में ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग की कुल क्षमता सालाना 2.5 लाख से अधिक वाहनों की हो गई है। इससे कमर्शियल वाहनों को घर के नजदीक आधुनिक फिटनेस जांच की सुविधा मिलेगी। बुराड़ी एटीएस को रिकॉर्ड एक वर्ष में तैयार किया गया है और करीब 1,00,000 वाहनों की वार्षिक क्षमता के साथ यह देश के अधिक क्षमता वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×