श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स का 42वां वार्षिकोत्सव, मेधावी छात्र सम्मानित, CM रेखा गुप्ता ने युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 42वें वार्षिकोत्सव में प्रेरणा, सम्मान और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला, जहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए युवाओं को अनुशासन, निरंतर सीखने और नवाचार के साथ आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) का वार्षिकोत्सव अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का ज्ञान, कौशल और नवाचार ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स अपनी समृद्ध विरासत और उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपराओं के माध्यम से छात्रों को न केवल शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और सक्षम नेता बनने के लिए भी तैयार कर रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स जैसे संस्थान देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां के विद्यार्थी न केवल शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी बखूबी समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे और इसके लिए जरूरी है कि वे अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।
दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रमुख हरमीत सिंह कालका ने कहा कि यह संस्थान शिक्षा के साथ संस्कार भी प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुओं की शिक्षाओं पर चलकर समाज और देश की सेवा करने का संदेश दिया।
कॉलेज एलुमनी प्रेसिडेंट राजीव गर्ग ने कहा कि महाविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और छात्रों की उपलब्धियां इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। वही जनरल सेक्रेटरी कुलबीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण ही इस संस्थान की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘बेस्ट स्पोर्ट्सपर्सन’, ‘बेस्ट एनसीसी कैडेट’ एवं ‘एलुमनस ऑफ द ईयर’ सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं डिग्रियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Also Read: बिहार में आज होगा कैबिनेट का विस्तार, PM मोदी होंगे शामिल, BJP और JDU में रहेगा 50-50 का फॉर्मूला!

Join Channel