सोशल मीडिया पर दिव्यांग क्रिकेटर का वीडियो हुआ वायरल, लोगों ने किया बच्चे के जज्बे को सलाम
भारतीय क्रिकेट टेस्ट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने कुछ दिन पहले एक वीडियो अपने ट्विटर पर पोस्ट की थी। इस वीडियो में गली में कुछ बच्चे क्रिकेट खेलते हुए दिखाई दे रहे हैैं।
07:46 AM Dec 27, 2019 IST | Desk Team
भारतीय क्रिकेट टेस्ट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने कुछ दिन पहले एक वीडियो अपने ट्विटर पर पोस्ट की थी। इस वीडियो में गली में कुछ बच्चे क्रिकेट खेलते हुए दिखाई दे रहे हैैं। वीडियो को पहले देखते हुए लगता है कि साधारण बच्चों का ग्रुप क्रिकेट खेल रहा है। लेकिन वीडियो को ध्यान से देखने के बाद दिखाई देता है कि एक दिव्यांग बच्चा गेंदबाजी कर रहा है।
Advertisement
वीडियो में जो बच्चा गेंदबाजी कर रहा है उसके दोनों हाथ पूरी तरह से विकसित नहीं हैं। इस कमी के बाद भी उस बच्चे ने शानदार गेंदबाजी की। वह बच्चा गेंद को इतनी बेहतरीन तरीके से स्पिन करा रहा है जिसे देखकर हर कोई उससे प्रभावित हो गया। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए साहा ने लिखा, इस बच्चे को क्रिकेट खेलने से नहीं रोकना चाहिए। वह वीडियो पलक झपकते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
सोशल मीडिया पर ऐसी एक और वीडियो सामने आया है जिसे लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। इस वीडियो में कुछ बच्चे क्रिकेट खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में एक बच्चा गेंदबाजी कर रहा है और दूसरे छोर पर दूसरा बच्चा बल्लेबाजी कर रहा है। बच्चे ने जैसे ही गेंद पर शॉट लगाया तो वह रन के लिए दौड़ना शुरु हुआ लेकिन बच्चा जैसे-जैसे करीब आया तो पता चला कि वह अपना रन घिसट-घिसट कर पूरा कर रहा है।
इसके बाद जब उसके साथी खिलाड़ी ने अगली गेंद पर शॉट लगाया और रन के लिए बुलाया तो वह दोबारा से उसी तरह घिसट कर रन लेना शुरु हो गया। वह बच्चा पहले की तरह इस बार भी रन लेने में सफल रहा। किसी भी फील्डर से वह रन आउट नहीं हो पाया।
इस वीडियो को कानपुर सिटी के फेसबुक पेज पर शेयर किया गया। इस वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, निःशब्द हूं इस दृश्य को देखकर…। जब भी आपको मन उदास हो या आप हार मानने लगे तो ये वीडियो एक बार जरूर देख लें। बता दें कि ट्विटर पर आईएफएस अधिकारी सुधा रेमन ने भी इस वीडियो को पोस्ट किया है।
वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, मुझे अवाक छोड़ दिया! #DeterminedMind उन लोगों के लिए देखने योग्य जो क्रिकेट पसंद करते हैं और वह भी जो पसंद नहीं करते?फेसबुक पर यह देखने को मिला। इस लड़के के बारे में और ज्यादा जानना चाहूंगी।
Advertisement