Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

सीएम योगी शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा आएंगे, ट्रेड शो की तैयारियों का लेंगे जायजा

06:43 AM Sep 19, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। खासकर ग्रेटर नोएडा में वे इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचकर आगामी अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो की तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग से शुरू होगा। वे अमौसी एयरपोर्ट से राजकीय विमान द्वारा आगरा के लिए रवाना होंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मथुरा के दीनदयाल धाम फराह पहुंचेंगे। यहां 11:15 बजे से 12:15 बजे तक वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव में आयोजित विराट युवा सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

सीएम ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी हेलीकॉप्टर से दोपहर 1:25 बजे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। यहां से वे कार द्वारा 1:40 बजे इंडिया एक्सपो मार्ट रवाना होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 1:45 से 2:45 बजे तक मुख्यमंत्री ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। गौरतलब है कि 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो का तीसरा संस्करण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित किए जाने की संभावना है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री योगी खुद तैयारियों का मुआयना करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। ट्रेड शो के बाद मुख्यमंत्री 2:45 बजे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के हेलीपैड से गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे। 3 बजे वे गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां दीनदयाल उपाध्याय ऑडीटोरियम में विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश कार्यक्रम और भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी पुस्तक का विमोचन करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का ठहराव शाम 6:30 बजे तक रहेगा। इसके बाद वे हिंडन एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे और वापस 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ पहुंचेंगे। सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है और उनके साथ एनएसजी कमांडो की टीम भी मौजूद रहेगी। अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

Advertisement
Advertisement
Next Article