India WorldDelhi NCR Uttar PradeshHaryanaRajasthanPunjabJammu & Kashmir Bihar Other States
Sports | Other GamesCricket
Horoscope Bollywood Kesari Social World CupGadgetsHealth & Lifestyle
Advertisement

राहुल गांधी : ज़िम्मेदारी और अपेक्षा

05:09 AM Jul 04, 2024 IST
Advertisement

नई सरकार स्थापित हो गई। प्रधानमंत्री मोदी बता रहे हैं कि वह पुराने गियर में लौट आए हैं। गठबंधन सरकार होने के बावजूद सारे प्रमुख मंत्रालय भाजपा के पास हैं। सहयोगियों को झुनझुना देकर संतुष्ट कर लिया गया है। स्पीकर भी ओम बिरला को बना कर संदेश है कि कुछ नहीं बदला। लेकिन नरेन्द्र मोदी को भी अहसास होगा कि चुनाव परिणाम ने बहुत कुछ बदल दिया है। विपक्ष का रुख तीखा है और देश का मूड बदल चुका है। लोग महंगाई और बेरोज़गारी पर केन्द्रित हैं और बता रहे हैं कि जो अब तक चलता रहा है उसे पसंद नहीं किया गया। इस सरकार का दुर्भाग्य है कि शुरू में ही गम्भीर शिकायतों के विस्फोट हो रहे हैं। नीट परीक्षा के घपले से अभी उभरे ही नहीं थे कि अयोध्या से नव निर्मित राम मंदिर में बरसात में पानी टपकने की खबरे आने लग पड़ी। प्रधानमंत्री द्वारा कुछ महीने पहले उद्घाटन किए गए मुम्बई हार्बर लिंक रोड में दरारें नज़र आने लगी हैं। एक के बाद एक, तीन एयरपोर्ट की छत गिर गई, जबलपुर, दिल्ली और राजकोट। दिल्ली पानी में डूब गई और बिहार में नौ दिन में पांच पुल बह गए।

इन सब घटनाओं में दो बातें सामान्य हैं। एक कि मेटिरियल सही नहीं लगाया गया लगता। अर्थात भ्रष्टाचार हुआ है। दूसरा, कोई जवाबदेही तय नहीं की गई और कुछ छोटे-मोटे अफ़सरों को पकड़ कर मामला रफादफा कर दिया जाता है। दिल्ली का इंदिरा गांधी एयरपोर्ट तो एक प्रकार से हमारे एयरपोर्ट्स का ‘जयूल इन द क्राउन’ है। इसकी एक छत गिरने से सारी दुनिया में हमारी बदनामी हुई है। किसी भी दूसरे देश से इतने हादसों की खबर नहीं आती जितनी हमारे देश से आती हैं। हमने इं़फ्रास्ट्रक्चर में बहुत विस्तार किया है। पिछले दशक में 75 नए एयरपोर्ट बनाए गए जो बहुत प्रशंसनीय है पर क्या उनकी छतें सुरक्षित हैं?अब तो हालत यह है कि जब भी एयरपोर्ट जाएंगे तो उपर देखना पड़ेगा कि छत तो नहीं गिरने वाली! हाल ही में भर्ती के लिए पांच परीक्षा रद्द करनी पड़ी क्योंकि या तो पेपर लीक हो गया या कोई और घपला हुआ। पिछले 7 सालों में 70 पेपर लीक हो चुके हैं जिसका लाखों बच्चों पर असर पड़ा है। यह कैसी जर्जर व्यवस्था है? एक परीक्षा के लिए बच्चा साल भर तैयारी करता है। कई के लिए दो-दो साल। मां-बाप भी खूब पैसा खर्च करते हैं पर जब परीक्षा आती है तो पता चलता है कि पेपर लीक हो गया। हमारी परीक्षा प्रणाली की शुद्धता और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता खतरें में है। पर कोई जवाबदेही नहीं। अगर बिहार में पुल लगातार बह रहें हैं या पेपर लगातार लीक हो रहे हैं तो क्या सम्बंधित मंत्री की कोई नैतिक ज़िम्मेवारी नहीं बनती? हम लाल बहादुर शास्त्री को याद तो करते हैं पर भूल जातें हैं कि एक रेल दुर्घटना के बाद उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था।

क्योंकि नैतिक ज़िम्मेदारी तय नहीं होती इसलिए बहुत ज़रूरी है कि देश में विपक्ष अपनी भूमिका निभाए। लोकतंत्र केवल एक पहिए पर नहीं चल सकता। इसलिए संतोष की बात है कि राहुल गांधी ने आख़िर हिचकिचाहट छोड़ कर प्रतिपक्ष के नेता का पद स्वीकार कर लिया है। मैंने भी 6जून के अपने लेख में लिखा था, “अब राहुल गांधी को भी झिझक छोड़ कर दोनों हाथ से ज़िम्मेवारी सम्भालनी चाहिए”। 2024 का जनादेश भी बता गया कि बेरोज़गारी और महंगाई वह मुद्दे हैं जो जनता को परेशान कर रहें हैं, पाकिस्तान नही। जनादेश यह भी बता गया है कि देश में कांग्रेस जैसी पार्टी की जगह है जो विचारधारा में भाजपा से सैंटर-लेफ्ट हो। पर राहुल गांधी का जाति जनगणना पर ज़ोर समझ से बाहर है। क्योंकि दूसरे धर्म के नाम पर बांट रहे हैं इसलिए आप जाति के नाम पर बांटोगे? कभी सोचा है कि जाति जनगणना के नतीजे से कितनी मारधाड़ होगी? किस तरह सरकारी टुकड़ों के लिए जातियों में जूतमपैजार होगी? जाति जनगणना भारत को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अराजकता में धकेल सकती है।

राहुल गांधी को सम्भल कर चलना होगा क्योंकि देश ने उन्हें बहुत बड़ी ज़िम्मेवारी सौंपी है। उनसे बहुत उम्मीद भी है। जो ‘पप्पू’ कह कर मज़ाक़ उड़ाते थे वह न केवल हाथ मिलाने के लिए मजबूर हैं बल्कि देश की बड़ी कमेटियों में उन्हें राहुल गांधी के साथ बैठना पड़ेगा। सीबीआई का डायरेक्टर चुनना हो या मुख्य चुनाव आयुक्त, राहुल गांधी कमेटी के तीसरे सदस्य होंगे। वह संसद की सबसे महत्वपूर्ण लेखा समिति के चेयरमैन होंगे जो सरकार के आर्थिक निर्णयों पर तीखी नज़र रखती है और खिंचाई कर सकती है। राहुल गांधी 2004 में सांसद बने पर 20 साल वह भटकते रहे और ज़िम्मेवारी उठाने से कतराते रहे। बीच में राजनीति को 'ज़हर का प्याला’ भी कह दिया। महत्वपूर्ण मौक़ों पर वह देश से ग़ायब भी रहे जिससे उनको गम्भीरता से लेना मुश्किल हो गया था। 2014 और 2019 के चुनावों में वह नरेन्द्र मोदी के सामने टिक नहीं सके। लेकिन अब वह संवैधानिक पद पर तैनात है। क्योंकि उनका पिछला ट्रैक रिकॉर्ड बहुत समतल नहीं है इसलिए सवाल किया जा रहा है कि क्या वह अपना फ़र्ज़ सही निभा सकेंगे?

राहुल गांधी के बारे किसी ने टिप्पणी की है कि ‘इस बार विदेश न जाकर उन्होंने हैरान कर दिया’। ऐसी टिप्पणी क्यों हो? लेकिन उनमें भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पहला बदलाव उनकी दो भारत जोड़ो यात्राओं में देखने को मिला जब राहुल को लोगों में घुलते मिलते देखा। उन्होंने बहुत लोगों को गले लगाया और वह आत्मीयता और संवेदना दिखाई जो आजकल देखने को नहीं मिलती। वास्तव में दोनों भाई-बहन, राहुल और प्रियंका, की यह ख़ासियत है कि वह लोगों के बीच जाते हैं, उन्हें गले लगाते हैं और प्यार से बात करतें है।

भाजपा का कोई ऐसा नेता नहीं जो भीड़ में घुस कर बात कर सके। सब रोड शो का सहारा लेते हैं। बेरोज़गारी, अग्निपथ योजना, मणिपुर और किसानों के संकट पर फ़ोकस कर राहुल गांधी सरकार को रक्षात्मक बनाने में सफल रहे हैं। दस साल के बाद संसद के अंदर विपक्ष की आवाज बिना बाधा के सुनी जा रही है। लगभग हर विपक्षी पार्टी के पास अच्छे वक्ता हैं। लेकिन विरोध के लिए विरोध नहीं होना चाहिए। जो काम सरकार सही करती है उसका समर्थन होना चाहिए। याद रखना चाहिए कि बांग्लादेश की लड़ाई के बाद विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने इंदिरा गांधी को 'दुर्गा’ कहा था।

विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी के पहले आक्रामक भाषण ने देश में सनसनी पैदा कर दी है। जो सरकार दस साल मस्ती से चलती रही उसके सात मंत्रियों को जवाब देना पड़ा। गृहमंत्री अमित शाह ने तो स्पीकर से संरक्षण की मांग भी कर दी। ऐसा धमाकेदार भाषण बहुत देर के बाद सुनने को मिला। उन्होंने सरकार को रक्षात्मक बना दिया पर हिन्दू धर्म की व्याख्या करने की क्या ज़रूरत थी? हमारी राजनीति में धर्म की दखल कम करने की ज़रूरत है, उसे जारी रखने की नहीं। क्या राहुल गांधी ने जनादेश नहीं समझा कि लोगों की धार्मिक मामलों में रुचि नहीं रही? जिन राहुल गांधी ने दो दिन पहले हाथ में संविधान पकड़ा हुआ था ने इस बार धार्मिक महापुरुषों के चित्र पकड़े हुए थे। लोगों ने अपनी समस्याओं को सामने लाने के लिए आपको संसद में भेजा है धार्मिक ज्ञान दिखाने के लिए है। विपक्ष के नेता को शब्दों का सही चयन करना चाहिए। वह भाजपा और आरएसएस पर वार करना चाहते थे पर आवेश में कह गए कि, “जो अपने आप को हिन्दू कहतें हैं वह चौबीसो घंटे हिंसा करते हैं”। यह आपत्तिजनक है। बाद में उन्होंने इसे संशोधित किया। कौन अच्छा हिन्दू है, कौन नहीं है, यह फ़िज़ूल बहस है। आप दूसरों के पदचिह्नों पर क्यों चल रहे हो? बहुत से दूसरे ज्वलंत मुद्दे हैं जिन पर प्रतिपक्ष के नेता को बोलना चाहिए। और न ही शालीनता ही छोड़नी चाहिए। उन्हें विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी के भाषणों का अध्ययन करना चाहिए। अटलजी ने कभी मर्यादा नहीं छोड़ी।

राहुल गांधी विपक्ष के नेता तो बन गए पर चुनौतियां भी कम नहीं। सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और वह कोई कमजोरी नहीं दिखा रही। कमजोरी दिखाना नरेन्द्र मोदी की फ़ितरत में नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के बीच भी 99 और 240 का असंतुलन है। राहुल गांधी अभी ब्रिटेन की तरह ‘शैडो प्राइम मिनिस्टर’ नहीं है। मोदी बनाम राहुल के चुनाव में वह मोदी बराबर नहीं पहुंचे चाहे बड़ी छलांग लगाई है। दूसरा, कांग्रेस का संगठन कमजोर है और भाजपा का मुक़ाबला नहीं कर सकता। निर्णय का अधिकार गांधी परिवार के तीन सदस्यों और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक ही सीमित नहीं रखना चाहिए। पार्टी को और लोकतांत्रिक बनाने की ज़रूरत है जैसे इंदिरा गांधी से पहले थी। उत्तर प्रदेश में जो जीत मिली है वह बहुत कुछ समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के कारण मिली है। आगे जम्मू कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव हैं। इनके परिणाम पर भावी राजनीति टिकी हुई है। वैसे वहां इंडिया गठबंधन के लिए लक्षण बुरे नहीं हैं। एक चुनौती इंडिया गठबंधन को सम्भाल कर रखने की होगी। ममता बैनर्जी जैसों को सम्भालना आसान नहीं है।

अभी तक राहुल गांधी ऐकला चलो रे की नीति पर चलते रहे हैं पर अब बड़ी ज़िम्मेवारी मिली है इसलिए सम्भलना होगा। इसमें प्रियंका गांधी उनका बड़ा साथ दे सकती है। प्रियंका लोगों के बीच सहज है और उनकी भाषा बोलती है। हिन्दी का प्रवाह भाई से बेहतर है। राहुल गांधी की तरह बहुत कम आवेश में आती हैं।अपने भाई को भटकने से रोकने और राष्ट्रीय ज़िम्मेवारी पर केन्द्रित रहनेका बड़ा काम प्रियंका गांधी को करना पड़ेगा।

Advertisement
Next Article