For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

'पीएम, सीएम बनने का सपना सभी देख सकते हैं', चिराग पासवान पर बोले पप्पू यादव

पप्पू यादव का हमला, बोले कोई भी पीएम का सपना देख सकता है

08:54 AM Jun 09, 2025 IST | IANS

पप्पू यादव का हमला, बोले कोई भी पीएम का सपना देख सकता है

 पीएम  सीएम बनने का सपना सभी देख सकते हैं   चिराग पासवान पर बोले पप्पू यादव

पप्पू यादव ने चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर व्यक्ति पीएम और सीएम बनने का सपना देख सकता है। उन्होंने चिराग पर निशाना साधते हुए कहा कि कई लोगों को विरासत में सबकुछ मिलता है, जबकि बाकी को संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने भाजपा की रणनीति पर भी सवाल उठाए और जदयू को आगाह किया।

चिराग पासवान के आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर लड़ने और एनडीए का समर्थन करने वाले बयान पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि हर आदमी पीएम और सीएम बनने का सपना देख सकता है।

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भोजपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह एनडीए की मजबूती के लिए बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बयान को विधानसभा चुनाव में भाजपा और जदयू पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने चिराग पासवान पर बड़ा हमला बोला है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। सभी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते हैं और देखना भी चाहिए। बहुत से लोगों को विरासत में सब कुछ मिलता है, उन्हें संघर्ष नहीं करना पड़ता है। यादव का इशारा चिराग पासवान पर ही था, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज नेता रामविलास पासवान के बेटे हैं।

उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी पीठ में खंजर घोंपती है। बीजेपी ने शिंदे, चौटाला, रेड्डी किसी को नहीं बख्शा। भाजपा कब किसका पैर पकड़ लेगी और कब किसका गला पकड़ लेगी, यह किसी को पता नहीं है। भाजपा अपनी जरूरत के मुताबिक व्यवहार करती है। चिराग पासवान के पीछे भी भाजपा है। यह बात जदयू को समझनी होगी।

यादव ने कहा कि जदयू को भाजपा और चिराग पासवान की रणनीति समझनी होगी। भाजपा पहले भी जदयू की दुर्गति कर चुकी है और आगे भी कर सकती है। भाजपा विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार को हटा सकती है।

पप्पू यादव ने कहा कि चिराग पासवान, गिरिराज सिंह, ललन सिंह सभी केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन बिहार के लिए कुछ भी नहीं कर पाए। आगामी विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नीतीश कुमार को सम्मान देने का काम किया है और आगे भी देगी।

बता दें कि पप्पू यादव बेशक निर्दलीय सांसद हैं, लेकिन वह कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।

‘मैं 243 सीटों पर लड़ूंगा…’, चिराग पासवान ने बिहार में फूंका चुनावी बिगुल

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×