फडणवीस CM पद की शपथ लेने से पहले पहुंचे बप्पा के दरबार
महाराष्ट्र की सियासत के लिए आज बड़ा दिन है। शाम में फडणवीस सीएम पद की शपथ लेंगे।
महाराष्ट्र में आज देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले वह सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। यहां गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की। एकनाथ शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। शाम साढ़े 5 बजे मुंबई स्थित आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केंद्र सरकार के कई मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत 70 वीवीआईपी शामिल होंगे। इसके अलावा 400 से ज्यादा साधु संतों को शपथ समारोह में बुलाया गया है। समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए 40 हजार से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं।
शिंदे के अलावा कोई डिप्टी सीएम नहीं बनेगा : सामंत
शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा कि एकनाथ शिंदे साहब सकारात्मक निर्णय लेंगे। शिंदे साहब के अलावा कोई उपमुख्यमन्त्री नहीं बनेगा। वह उपमुख्यमंत्री नहीं बनेंगे तो कोई मंत्री पद नहीं लेगा। हमें भरोसा है कि एकनाथ शिंदे ही उपमुख्यमंत्री होंगे। हमारे नेता शिंदे हैं। उनके बिना हमारे पार्टी में कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा।
16 दिसंबर से पहले होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
पूर्व मंत्री एवं शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने कहा कि आज सीएम और दो डीसीएम शपथ ले रहे हैं। बतौर सीएम देवेंद्र फडनवीस, उपमुख्यमंत्री के तौर पर अजित पवार और एकनाथ शिंदे शपथ लेंगे। बाकी हम विधायकों नेताओं में किसी का संदेश नहीं आया है। मंत्रिमंडल का विस्तार 16 दिसंबर से पहले होगा। शिंदे साहब के ऊपर हम विधायकों का दबाव है वह सरकार में रहें, हमारी बात वह नहीं टालेंगे।