Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

Farmers Protest: दिल्ली में आज किसानों का विरोध-प्रदर्शन, सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ी

12:06 PM Feb 08, 2024 IST | Yogita Tyagi

Farmers Protest: किसानों के व्यापक विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी विशेषकर दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए यातायात व्यवस्था में भी कुछ बदलाव किया गया है और लोगों को कुछ मार्गों पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न सीमा प्रवेश बिंदुओं पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी को भी कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ भारी सुरक्षा बल पहले से ही तैनात किया गया है।

यात्रियों के लिए जारी दिशा-निर्देश

Advertisement

उन्होंने बताया कि दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों पर अवरोधक लगाए गए हैं। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को सोनिया विहार, डीएनडी, चिल्ला, गाजीपुर, सभापुर, अप्सरा और लोनी बॉर्डर से जुड़े मार्गों पर भारी यातायात होने की आशंका है। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी यात्रा टाल दें या तदनुसार योजना बनाएं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसानों के विरोध प्रदर्शन से पहले गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बुधवार एवं बृहस्पतिवार के लिए दंड प्रक्रिया संहिता धारा 144 लागू कर दी है।

यातायात संबंधित दिशानिर्देश

पुलिस ने यातायात संबंधित एक दिशानिर्देश भी जारी किया जिसमें ट्रैक्टरों पर किसानों के आंदोलन के मद्देनजर यात्रियों को दोनों शहरों में कुछ मार्गों पर मार्ग परिवर्तन के प्रति आगाह किया गया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसान समूह दिसंबर 2023 से स्थानीय विकास प्राधिकरणों द्वारा अधिग्रहीत अपनी भूमि के बदले बढ़े हुए मुआवजे और विकसित भूखंडों की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान आंदोलन के कारण दिल्ली के सभी बॉर्डर पर और किसान चौक व अन्य सभी स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं और एक-एक चलती हुई गाड़ी को चेक किया जा रहा है उसके बाद गाड़ी आगे जाने दी जा रही है। जिस कारण यातायात बहुत ही आराम से चल रहा है। पुलिस के उच्च अधिकारी एवं कर्मचारी भी दिल्ली में सभी स्थानों पर मौजूद हैं। पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर नज़र बना कर रखी हुई है। दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि, गोलचक्कर सेक्टर-15, रजनीगंधा चौक, सेक्टर- 6 चौकी, झुंडपुरा चौक, सेक्टर-8, 10, 11, 12 चौक और हरौला चौक पर ट्रैफिक डाइवर्ट रहने की आशंका है।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Advertisement
Next Article