विवादित कृषि कानूनों को लेकर देशभर में भाजपा सांसदों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे किसान
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि विवादास्पद कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान शनिवार को देशभर में भाजपा सांसदों के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे।
05:57 PM Jun 04, 2021 IST | Desk Team
भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के एक पदाधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि विवादास्पद कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान शनिवार को देशभर में भाजपा सांसदों के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। अधिकारी ने बताया कि केंद्र द्वारा अध्यादेशों के रूप में इन कानूनों को लागू करने के एक साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों के आवास के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।
Advertisement
बीकेयू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारी केंद्र के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन के तौर पर देशभर में भाजपा सांसदों और विधायकों के आवास के बाहर कानूनों की प्रतियां जलाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिन जिलों में भाजपा का कोई सांसद या विधायक नहीं है, वहां जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।’’
दिल्ली की सीमाओं पर नवंबर 2020 से डेरा डाले हुए किसान संघों और यूनियनों के नेताओं की हाल की बैठक में पांच जून को प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया। उधर, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 1,32,364 नये मामले सामने आने के बाद इस बीमारी के कुल मामले बढ़ कर 2,85,74,350 हो गए हैं जबकि संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 93 प्रतिशत से ऊपर हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के डेटा के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 2,713 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या 3,40,702 हो गई है जबकि इलाज करा रहे लोगों की संख्या लगातार चौथे दिन 20 लाख से कम दर्ज की गई।
Advertisement