UP के 50 जिलों में कोहरा; आज बारिश का अलर्ट, एक जनवरी से ऐसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। 50 जिलों को घने कोहरे ने घेर रखा है। आज 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। वाराणसी में घने कोहरे में सुबह गंगा आरती हुई। शनिवार को प्रदेश का सबसे ठंडा शहर कानपुर रहा, जहां पारा 6 डिग्री दर्ज हुआ। गाजियाबाद में भी घना कोहरा छाया है। इससे एक्यूआई घटकर 296 रह गया। दिल्ली के बाद सबसे अधिक प्रदूषित इंदिरापुरम इलाका है। यहां एक्यूआई 346 रहा। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, आगरा में बारिश होने की संभावना जताई है।
26 दिसंबर से बारिश के आसार
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे आने वाले दिनों में पूर्वी तट पर भारी बारिश होने के आसार हैं। 26 दिसंबर से पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। उससे पहले हल्की बारिश और बर्फीली हवा चल सकती है। डॉ. पांडेय के अनुसार नए साल के पहले हफ्ते से कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है।

आगरा में 17 दिसंबर को थी सबसे ठंडी रात
आगरा में 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। सबसे ठंडी रात 17 दिसंबर को ही रही थी। इस रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रहा था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री पर पहुंच गया।
वाराणसी में धूप का ज्यादा असर नहीं
वाराणसी में तीन-चार दिनों से तापमान में उलटफेर जारी है। हवा में नमी बढ़ने से धूप का ज्यादा असर नहीं दिख रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि तीन-चार दिनों तक ऐसे ही मौसम रहने के आसार हैं।

Join Channel