डूरंड कप फाइनल में फिर आमने-सामने East Bengal और Mohun Bagan, इस राइवलरी में किसकी होगी जीत?
डूरंड कप का फाइनल भारतीय फुटबॉल के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक होने वाला है। क्योंकि कोलकाता के दो पारंपरिक कॉम्पटीटर्स ईस्ट बंगाल और मोहन बागान सुपर जायंट एक बार फिर खिताब के लिए आमने-सामने हैं। यह मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी जीतने की लड़ाई नहीं, बल्कि दोनों क्लबों की ऐतिहासिक विरासत और 100 साल से ज्यादा पुरानी राइवलरी का नया चैप्टर भी है। डूरंड कप के फाइनल में दोनों टीमें 13वीं बार एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी, जिससे इस मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।
Durand Cup Final: 22 साल बाद खिताब जीतना चाहेगा ईस्ट बंगाल
ईस्ट बंगाल के लिए यह फाइनल बेहद खास होने वाला है। क्योंकि क्लब ने आखिरी बार 2004 में डूरंड कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस फाइनल में उसने मोहन बागान को 2-1 से हराकर खिताब जीता था। अब करीब 22 साल बाद ईस्ट बंगाल के पास एक बार फिर उसी राइवलरी के खिलाफ जीत दर्ज करके ट्रॉफी का लंबा इंतजार खत्म करने का मौका है। टीम इस ऐतिहासिक मुकाबले में अपनी पूरी ताकत झोंकना चाहेगी।
मोहन बागान की नजर 18वें खिताब पर

मोहन बागान डूरंड कप के इतिहास में सबसे सफल क्लब है। उसके नाम अब तक 17 खिताब दर्ज हैं, साल 2023 में भी मोहन बागान ने फाइनल में ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराकर रिकॉर्ड 17वीं बार ट्रॉफी जीती थी। अगर इस बार भी मोहन बागान जीत हासिल करता है, तो उसके नाम डूरंड कप की 18वीं ट्रॉफी हो जाएगी और क्लब अपने रिकॉर्ड को और मजबूत कर लेगा।
डूरंड कप फाइनल में कब-कब भिड़े दोनों क्लब?

ईस्ट बंगाल और मोहन बागान के बीच डूरंड कप फाइनल की राइवलरी काफी पुरानी है। दोनों पहली बार 1961 के फाइनल में आमने-सामने आए थे, जो ड्रॉ रहा था। इसके बाद 1964 में मोहन बागान ने 2-0 से जीत दर्ज की। हालांकि 1971, 1973 और 1979 में ईस्ट बंगाल ने खिताब जीता। फिर 1983 का फाइनल भी बराबरी पर खत्म हुआ, जबकि 1984 और 1986 में मोहन बागान विजेता रहा। फिर 1989 में ईस्ट बंगाल ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की, वहीं 1994 में मोहन बागान ने ट्रॉफी जीती, जबकि 2004 में ईस्ट बंगाल ने 2-1 से बाजी मारी। दोनों की पिछली फाइनल भिड़ंत 2023 में हुई थी, जिसमें मोहन बागान ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।
सेमीफाइनल में भी दिखा दोनों का दम

फाइनल तक पहुंचने के लिए दोनों टीमों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। ईस्ट बंगाल ने एससी दिल्ली को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं, मोहन बागान ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गोलकीपर विशाल कैथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पेनल्टी बचाईं और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम रोल निभाया।
आंकड़ों में डूरंड कप की खिताबी जंग
मोहन बागान: 17 डूरंड कप खिताब
ईस्ट बंगाल: 16 डूरंड कप खिताब
फाइनल में आमना-सामना: 13वीं बार
ईस्ट बंगाल का आखिरी खिताब: 2004
मोहन बागान का आखिरी खिताब: 2023
पिछला फाइनल: 2023, मोहन बागान 1-0 से विजेता
मोहन बागान जीता तो: 18वां खिताब
ईस्ट बंगाल जीता तो: 17वां खिताब
इस बार का फाइनल इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का मौका है। ईस्ट बंगाल जहां लंबे इंतजार को खत्म करना चाहेगा, वहीं मोहन बागान अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 18वीं ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा।

Join Channel