गोवा बाढ़ : करीब 1000 मकान क्षतिग्रस्त, सैंकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
गोवा में भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद आई बाढ़ से संबंधित घटना में एक महिला की मौत हो गई और करीब 1,000 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
11:15 PM Jul 23, 2021 IST | Shera Rajput
गोवा में भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद आई बाढ़ से संबंधित घटना में एक महिला की मौत हो गई और करीब 1,000 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सैंकड़ों लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। यह बाढ़ राज्य में पिछले 40 साल में आई प्रलयकारी बाढ़ में एक है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यहां संवाददाताओं को बताया कि बाढ़ से सत्तारी और बिचोलिम, पोंडा, धारबंदोरा, बारडेज और पेरनम तालुका बुरी तरह से प्रभावित हैं जबकि अन्य इलाकों में भी इससे क्षति हुई है।
उन्होंने बताया कि धारबंदोरा में एक महिला की मौत की सूचना मिली है लेकिन इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बचाव एवं राहत अभियानों पर निगरानी के लिए दोपहर में बिचोलिम के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को अस्थायी शिविरों में बदल दिया गया है ताकि बाढ़ प्रभावित लोग वहां शरण ले सकें। सावंत ने कहा, ‘‘ यह 1982 के बाद से आई भीषण बाढ़ में एक है। करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुक़सान पहुंचा है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के दल राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं और उन्होंने विभिन्न इलाकों में बाढ़ में फंसे कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
Advertisement
Advertisement

Join Channel